दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के 44वां स्थापना दिवस पर पूरे जिले भर विभिन्न आयोजन किया गया जिसमें चण्डी शीतला मंडल भाजपा द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय ने मंडल क्षेत्र अंतर्गत निवासरत पार्टी के संघर्षकाल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए दुर्ग में संगठन को आगे बढ़ाने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हेमचंद यादव सहित अनेक पुराने कार्यकर्ताओं का स्मरण कर पार्टी के सफलता का सूत्रधार बताते हुए उनके योगदानों का स्मरण किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, शंभू पटेल, केएस चौहान, विजय ताम्रकार,रीता मेश्राम, वार्ड पार्षद अजीत वैद्य सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। अध्यक्षीय उद्बोधन मंडल अध्यक्ष विजय ताम्रकार द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री आसिफ अली सैय्यद एवं आभार रीता मेश्राम द्वारा किया गाया। भाजपा के स्थापना दिवस के तहत आज विभिन्न आयोजन हुआ जिसमें सुबह बूथ स्तर पर बूथ अध्यक्ष के निवास पर भाजपा का ध्वज फहराया गया। उसके उपरान्त बूथ समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आमजन को साथ मोदी के उदबोधन को सुना साथ-साथ अपने अपने घर के सामने कमल के फूल की रंगोली बनाई गई।
दोपहर 12 बजे चंडी शीतला मंडल का मुख्य कार्यक्रम वार्ड12 गजानंद नगर सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया, जहा स्थापना दिवस पर मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता गंगाराम ठाकुर, बिसौहा ठाकुर, दिनेश शुक्ला, अब्दुल सलाम कुरैशी एवं सुदामा ठाकुर का राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय सहित उपस्थित सभी नेताओं ने शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया।
इस अवसर पर सरोज पाण्डेय ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा का दुनिया की सर्वाधिक संख्या वाली पार्टी बनने का सफर इन्हीं संघर्षशील कार्यकर्ताओं के मेहनत का नतीजा है, जिन्होंने निस्वार्थ परिश्रम से उसे उपलब्धियों तक पहुंचाया जिसमें स्वर्गीय हेमचंद यादव ने भी एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूत करते हुए दुर्ग में पहली बार परिवारवाद के खिलाफ बीजेपी का झंडा फहराया। जिसके योगदानों को कभी नहीं भुलाया जा सकता।
मुख्य वक्ता राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय ने आगे कहा कि आज कार्यकर्ताओं का संघर्षों का ही नतीजा है कि देश में लगातार दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व बीजेपी की सरकार है। देश के अनेक प्रदेशों में भी भाजपा की सरकार है किंतु छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना अब बड़ी चुनौती है, जिसे हासिल करना प्रत्येक कार्यकर्ताओं का बड़ा लक्ष्य होना चाहिए।
राज्य सभा सांसद पाण्डेय ने इसके लिए दुर्ग शहर के विकास को बाधित करने वाले को हटाना पहली प्राथमिकता बताते हुए फिर से कमल खिलाने एकजुट होने का आव्हान किया। कार्यक्रम को पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर वरिष्ठ नेता राजेश ताम्रकार, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन सहित अनेक नेताओं ने भी संबोधित किया।