दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अप्रैल। फर्म में सेल्समैन का कार्य करने एवं हिसाब किताब रखने वाले कर्मी द्वारा रकम की गड़बड़ी किए जाने की शिकायत प्रार्थी द्वारा जेवरा सिरसा चौकी में की गई। पीडि़त की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 406 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक हेमंत प्रधान 26 वर्ष निवासी बालीकोडा़ पोस्ट दहन, जिला पुरी ओडिशा श्याम पालीमर नाम की फर्म में सेल्समैन एवं हिसाब किताब रखने का काम करता था। आरोपी हेमंत ने 25 नवंबर 2022 को फर्म से पीवीसी टंकी जिसकी कीमत 1.50 लाख थी को कृष्ण कुमार सिंह निवासी कातुल बोर्ड को बिक्री किया था। रकम प्राप्त कर लेने के बाद बेईमानी करते हुए हेमंत ने रकम फर्म में जमा न करते हुए अपने पास रख लिया था।
इसके बाद हेमंत प्रधान ने श्याम पालीमर के संचालक न्यू दीपक नगर दुर्ग निवासी मनीष गोयल से 25 नवंबर 2022 को कहा कि उसके पिता की मृत्यु हो गई है और वह गांव जा रहा है। हेमंत के गांव जाने के 15 दिन बाद जब मनीष गोयल ने हिसाब किताब मिलाया तो उसमें डेढ़ लाख रुपए की गड़बड़ी पाई गई।
इस संबंध में जब पीडि़त ने आरोपी को फोन किया गया तो उसने एक-दो दिन में रकम वापस कर देगा कहा। इसके बाद आरोपी हेमंत ने प्रार्थी का फोन उठाना ही बंद कर दिया। इस दौरान प्रार्थी मनीष को पता चला कि आरोपी ने उसके पिता से भी 1 लाख रुपए आवश्यक कार्य की बात कह कर ले लिया था। इसी तरह हेमंत ने एक अन्य कर्मी से लगभग 40 हजार रुपए तथा एक ऑटो वाले से 30 हजार रुपए भी लिया था।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।