दुर्ग

सराफा दुकानों को निशाना बनाने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे
06-Apr-2023 3:54 PM
सराफा दुकानों को निशाना बनाने वाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे

पूछताछ जारी, जल्द होगा बड़ी चोरी का खुलासा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 अप्रैल।
भिलाई क्षेत्र में इन दिनों सराफा दुकानों को चोरों ने निशाना बना रखा है। एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र की तीन ज्वेलरी दुकानों का ताला तोड़ अज्ञात आरोपी लाखों के जेवरात पार कर गए हैं। पुरानी भिलाई में नेशनल हाईवे से लगे विश्वास ज्वेलर्स के बाद चोरों ने मुरमुंदा स्थित सुहानी ज्वेलर्स और कुम्हारी के श्री धनीराम ज्वेलर्स पर रात के अंधेरे में धावा बोल लाखों के जेवरात पार कर निकल भागने में सफल रहे हैं। इन सभी वारदातों में नंदिनी थाना, पुरानी भिलाई थाना और कुम्हारी थाना सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

ज्ञात हो कि आज कुम्हारी में धनीराम ज्वेलर्स और बर्तन दुकान से लाखों की चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब सीसीटीवी खंगाला तो उसमें तीन चोर सब्बल और अन्य सामान लेकर जाते दिखे। उसी से उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक 3 व 4 अप्रैल की दरमियानी रात कुम्हारी मुख्य बाजार में धनीराम ज्वेलर्स और धनीराम बर्तन दुकान में लाखों की चोरी हो गई थी। दोनों दुकान एक ही मालिक की है और आपस में जुड़ी हुई है। दुकान संचालक रोज की तरह सोमवार रात दुकान बंद करके अपने घर गया था। मंगलवार सुबह जब वो दुकान खोलने पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। दुकान का ताला टूटा हुआ और शटर एक तरफ से उठा हुआ था। दुकान संचालक दुकान के अंदर गया तो देखा कि पूरा सामान बिखरा पड़ा है।

दुकान संचालक के अनुसार दुकान से सोने के कुछ आभूषण, एक किलो तक चांदी के आभूषण और काफी मात्रा में बर्तन चोरी हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास भारी मात्रा में चोरी के सोने और चांदी का आभूषण जब्त किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने और किन जगहों पर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक चोरी के आरोपी पेशेवर गिरोह संबंधित हैं।

गौरतलब हो कि रूपनारायण सोनी (58 वर्ष) निवासी दुर्गा चौक कुम्हारी की श्री धनीराम ज्वेलर्स के नाम से बाजार चौक कुम्हारी में ज्वेलरी एवं बर्तन दुकान एक साथ है। चार अप्रैल की सुबह ओम ज्वेलर्स का गार्ड नकुल सोनी ने फोन करके उन्हें बताया कि आपकी दुकान का शटर एक तरफ का उठा हुआ है सेंटर लाक उखड़ गया है, तब रूपनारायण बेटे रूपेश सोनी सुबह 9 बजे दुकान आए तो देखे की शटर दाहिने तरफ का उठा हुआ था सेंटर लाक जमीन से उखड़ा हुआ था।

अंदर जाकर देखे तो दुकान के शो केश से चांदी का पायल 600 ग्राम, हाफ कर्धन 100 ग्राम, बिछिया 200 ग्राम, अंगूठी 200 ग्राम, चांदी लाकेट 40 ग्राम, कटली चुडी 200 ग्राम, चाबी रिंग 150 ग्राम, चोटी पिन 60 ग्राम, ब्रेसलेट 100 ग्राम, बाजू बंद 50 ग्राम, मराठी बिछिया 200 ग्राम, चैन 100 ग्राम, चांदी सिक्का 20 ग्राम, बाल पिन 20 ग्राम कुल वजन करीबन 2 किलो अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। एसपी डाक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जल्द मामले का खुलासा दुर्ग पुलिस करेगी।
 


अन्य पोस्ट