दुर्ग
छ: माह के बेटे को तालाब में जिंदा फेंका, और लापता की रिपोर्ट दर्ज कराई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 अप्रैल। दुर्ग जिला के नगपुरा की महिला ने छ: माह के जिंदा बेटे को तालाब के बहते पानी में फेंक उसकी जान ले ली। पूछताछ में पता लगा कि उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी और परिवार में बैगा, झाड़-फूंक, मन्नत की बलि के आलावा पति के नशे की आदत और हरकतों की वजह से उसने बेटे की जान ले ली।
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने काउंसलिंग की तो यही सब खुलासा मासूम की हत्या के पीछे की वजह के रूप में सामने आया।
ज्ञात हो कि घटना के दिन ही आरोपी महिला मालती यादव (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात्रि में अपने 6 माह के बच्चे दीपांशु यादव के साथ अपनी मां मुन्नी बाई के घर सोई थी। रात 3 बजे उठकर देखी तो प्रार्थिया का बच्चा बिस्तर पर नहीं था, तब अपनी माँ मुन्नी बाई को उठाकर बताई आसपास तलाश किये, बच्चा नहीं मिलने पर प्रार्थिया की रिपोर्ट पर धारा 363 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
अपहृत बालक की शीघ्र पतासाजी एवं आरोपी गिरफ्तारी करने के लिए लगाया गया था। टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा तकनीकी सहायता प्राप्त कर सीडीआर एवं घटना स्थल ग्राम नगपुरा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन कर फुटेज देख कर अपहृत बालक की पतासाजी हेतु हर संभव प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम के डबरी तालाब में अपहृत बच्चे का शव पानी में दिखाई दिया। पंचनामा बाद शव का पीएम कराया गया।
गाँव के सीसीटीवी फुटेज की सूक्ष्मता से अवलोकन करने पर पाया गया कि रात करीबन 2.40 पर एक महिला काले रंग की साड़ी पहने हुये अपने कन्धे पर बच्चे को ले जाते हुई दिखी, संदेही महिला का फुटेज को गाँव वालों एवं घर-परिवार के सदस्यों को दिखाये जाने पर संदेही महिला की पहचान बच्चे की माँ मालती यादव के रूप में हुई तथा पहनी हुई साड़ी की पहचान कराई गई तो साड़ी उसकी भाभी माया के द्वारा जवारा विर्सजन के दिन मालती को पहनने के लिये देना बताया।
मालती यादव को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई जो अपना अपराध स्वीकार करते हुये बताई कि मेरा पति मुझे मायका छोडऩे के पश्चात लेने के लिए नहीं आया एवं खर्चे के लिए पैसा भी नहीं देता था। मुझे अपने बच्चे की चिंता होने लगती थी कि वह बड़ा होकर क्या करेगा। मैं मानसिक रूप से परेशान हो गई थी और चिड़चिड़ाहट में आकर अपने लडक़े को दरमियानी रात्रि अपने गोदी में उठाकर उसकी हत्या करने की नीयत से गाँव के डबरी तालाब में ले जाकर तालाब के पानी में फेंक दी, जिससे तालाब में डूबने से बच्चे की मृत्यु हो गई। फिर घर वापस आकर मैं अपनी माँ को जगाकर बोली कि मेरा बच्चा बिस्तर पर नहीं है, कोई उसे उठाकर ले गया है। तब उसकी खोजबीन करने का बहाना बनाते रही, बच्चा न मिलने से सुबह होने पर चौकी नगपुरा जाकर झूठी रिपोर्ट भी की थी। आरोपिया के निशानदेही पर घटना के समय पहनी हुई साड़ी को जब्त किया गया है।