दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अप्रैल। पिछले कुछ माह पूर्व दुर्ग में होमग्रोन नामक कंपनी ने महिलाओं को रोजगार देने के नाम पर 2500 रुपए प्रति महिला एकत्र कर करोड़ों रुपए लेकर फरार हो गया था जिसका मुख्य कार्यालय इंदिरा मार्केट दुर्ग में था रातों रात फरार संचालक के कार्यालय के सामने महिलाओं ने खूब हंगामा भी किया पर संचालक अन्य राज्य का था और कार्यालय भवन किराए का था। फरार आरोपी संचालक के नाम से सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस से शिकायत भी किया था। पुलिस ने उक्त आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है।
युवा मोर्चा प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नितेश साहू एवं समाज सेवी खालिक रिजवी शेरू के साथ महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंच आरोपी पर चिट फंड एक्ट के तहत कार्रवाई कर अपना रकम वापस दिलाने की मांग की। नितेश साहू ने शासन पर आरोप लगाया कि ऐसी फर्जी कंपनी एवं अन्य राज्य से आए लोगों को कैसे आसानी से गुमास्ता जारी हो जाता है, जबकि स्थानी लोगों को नियम कानून का हवाला देकर घुमाया जाता है। कहीं न कहीं इसमें लाइसेंस जारी करने वाली निगम भी दोषी है, जो बिना परखे लाइसेंस जारी करती है, साथ नितेश साहू ने दोषियों पर कार्रवाई कर जल्द से जल्द रकम वापस दिलाए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से नितेश साहू, खालिक रिजवी शेरू सहित अनेक महिलाएं उपस्थित थी।