दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 अप्रैल। शहर के इतिहास में पहली बार पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा है। जीई रोड पर गोल्डन कलर की रोप लाइट और दूधिया स्ट्रीट लाइट की रोशनी से दुर्ग शहर का सबसे मुख्य मार्ग रौशन है।
दुर्ग शहर में पहली बार इतनी शानदार स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की गई है। विधायक अरुण वोरा के लगातार प्रयासों से दुर्ग शहर महानगरीय तर्ज पर विकसित हो उठा है। पीडब्लूडी के लाइट एंड मशीनरी विभाग ने करीब 11 करोड़ की लागत से जीई रोड पर प्रकाश व्यवस्था की है। दुर्ग शहर में नेहरू नगर चौक से पुलगांव के मिनीमाता चौक तक 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के कई कार्य अभी बाकी हैं, लेकिन इस कार्य से शहर की रौनक बढ़ गई है। इस मार्ग से गुजरते हुए शहरवासियों को सुखद अहसास हो रहा है।
शाम होते ही चौड़ी सडक़ पर बिखरी रोशनी देखकर ऐसा लगता है मानो हम मैट्रो सिटी में आ गए हैं। विधायक अरुण वोरा ने बताया कि भाजपा शासनकाल में दुर्ग शहर में विकास कार्य नहीं कराए गए। वहीं भूपेश सरकार ने सिर्फ साढ़े चार साल में ही दुर्ग शहर को सौंदर्यीकरण के कार्यों के साथ ही समग्र विकास की अद्भुत सौगातें दी हैं।
यही वजह है कि आज दुर्ग शहर का मुख्य मार्ग खूबसूरत रोशनी से जगमगा रहा है। दुर्ग शहर को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में कार्य किये जा रहे हैं। शहर के अन्य सभी मार्गों पर भी इसी तर्ज पर लाइट व्यवस्था की जाएगी।
शीघ्र ही दुर्ग शहर को ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, गौरव पथ के उन्नयन और शिवनाथ नदी मार्ग के उन्नयन सहित अन्य कई सौगातें मिलने जा रही हैं। इन कार्यों से पूरा शहर विकास की रोशनी से जगमगाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में दुर्ग में विकास की गंगा बहाने का काम लगातार जारी रहेगा।