दुर्ग

बीएसपी मैनेजमेंट बीजेपी एजेंट की तरह कर रहा काम, डोम शेड बनकर ही रहेगा-आदित्य सिंह
02-Apr-2023 5:37 PM
बीएसपी मैनेजमेंट बीजेपी एजेंट की तरह कर रहा काम, डोम शेड बनकर ही रहेगा-आदित्य सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 अप्रैल।
नगर निगम भिलाई के एमआईसी सदस्य व राधिका नगर वार्ड के युवा पार्षद आदित्य सिंह ने सेक्टर 9 हनुमान मंदिर भंडारा प्रांगण के पास हो रहे डोम शेड निर्माण कार्य को बीएसपी प्रबंधन द्वारा रोके जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई है। 

आदित्य सिंह ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि बीएसपी प्रबंधन एक साजिश के तहत गुंडागर्दी व दादागिरी कर रहा है, कई दिनों से यहां पर निर्माण कार्य चल रहा है तब बीएसपी प्रबंधन सोया हुआ था क्या? यहां पर धार्मिक आयोजन पिछले कई वर्षो से हो रहा है। बीएसपी प्रबंधन व अस्पताल प्रबंधन के कहने पर ही वर्ष 1972 से यहां भंडारा होता है और धार्मिक स्थल का विकास हो रहा है। बीएसपी प्रबंधन ने पहले कभी इस पर आपत्ति नहीं की तो क्या अब वह केन्द्र की भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रही है?

उन्होंने कहा कि जय हनुमान सेवा वाहिनी व अन्य हिन्दू संगठनों को स्थानीय विधायक का संरक्षण मिला हुआ है। उनको डैमेज करने व उनकी बुराई करने के लिए बीएसपी प्रबंधन बीजेपी एजेंट के रूप में काम कर रही है। सौदर्यीकरण व डोम शेड निर्माण होता है तो बीएसपी प्रबंधन को दिक्कत क्या है? हमने बीएसपी अफसरों से पूछा कि डोम शेड के स्थान पर यहां पर क्या निर्माण होगा, तब बीएसपी के तोडूदस्ता के अफसरों ने कहा कि यहाँ पर विद्युत सब स्टेशन का निर्माण होगा। जब उन्होंने विद्युत सब स्टेशन निर्माण से जुड़े कागजात मांगे तो बीएसपी अफसर हीला-हवाला करते हुए चुप हो गए।

आदित्य ने कहा कि एक भक्त एवं उनकी पत्नी के साथ झूमाझटकी व मारपीट की जानकारी प्राप्त हुई है। इस मामले की पुलिस प्रशासन से शिकायत भी की गई है। आदित्य ने कहा कि डोमशेड का निर्माण होकर रहेगा।  इसके लिए सभी रामभक्त एकजुट हैं। 


अन्य पोस्ट