दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 1 अप्रैल। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन विभिन्न मुहल्लों में घर-घर श्रद्धा, भक्ति और आस्था पूर्वक स्थापित ज्योत जंवारा को शुक्रवार को शीतला तालाब (बड़े तालाब) में विसर्जित किया गया।
सुबह से ही सेवादारों व सेवा समितियों द्वारा ज्योत जंवारा की विधिवत पूजा-अर्चना कर जस व सेवा गीत गाकर ढोल-बाजे मांदर मंजीरे की धुन के साथ निकाला गया। बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर जंवारा ज्योत कलश लिए तपती धूप में नंगे पांव चल कर शीतला मंदिर प्रांगण तक पहुंचीं।
विसर्जन यात्रा में श्रद्धालू अपने जीभ, गाल, हाथ, सीने, पर नुकीले सांग-बाण चुभोकर देवी मां को प्रसन्न करने जस गीतों पर नर्तन कर रहे थे, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ संपूर्ण मार्ग में बनी रही।
ज्ञात हो कि कुम्हारी में विभिन्न वार्डों के 8 घरों पर स्थापित ज्योत जंवारा को विसर्जन के लिए नगर के दर्जनों सेवा समितियों, मंडलियों ने शक्ति गीतों के माध्यम से माता को विदाई दी।
नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने भी विसर्जन के दौरान दैवीय शक्ति परंपरा को सहेजने, नगरवासियों के कुशलक्षेम, सुख समृद्धि हेतु श्रद्धा और भक्ति भाव पूर्वक सांग बाणा ग्रहण किया, उन्होंने नुकीले बाणा को बैगा के माध्यम से अपने गालों पर चुभोया जिसके बाद शक्ति गीतों, भजनों पर मग्न हो जमकर नाचते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। ज्ञातव्य हो कि ठीक एक दिन पूर्व नवरात्र की नवमी तिथि पर मां महामाया मंदिर में प्रज्ज्वलित 1946 ज्योत को प्रांगण स्थित जल कुंड में विसर्जित किया गया।