दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मार्च। भारती विवि दुर्ग में एम्पलायी एप्रिसियेशन डे का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारती विवि के विशाखा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसके तहत किसी भी आर्गेनाइजेशन का अपने कर्मचारी व अपने अधीनस्थ लोगों के सर्वांगीण विकास तथा प्रोफेशनल फ्रंट पर कर्मचारी व मैनेजमेंट के पारस्परिक संबंधों पर उत्कृष्ट कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला उद्देश्यपूर्ण व सफल रही।
कार्यशाला के मुख्यवक्ता के रूप में हेमचंद यादव विवि, दुर्ग के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने कर्मचारी-प्रबंधन, मानवीय रिश्ते, सकारात्मक व्यवहार, सहजता तथा दूसरों की प्रशंसा कर व्यवहारिक ज्ञान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन तथा व्यवसाय में सफल होने के लिए सहज व दूसरों को सम्मान देना तथा प्रशंसा करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने विदेश प्रवास के दौरान अपने एकादमिक अनुभवों को साझा किया तथा छात्रों व शिक्षकों से विदेशों से मिलने वाली फेलोशिप व स्कॉलरशिप जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम की समन्वयक व संचालिका, विशाखा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. राजश्री नायडू ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया, साथ ही उन्होंने प्रशंसा को हर प्रोफेशनल, नॉन प्रोफेशनल रिश्तों के साथ जोड़ते हुए इसे एक अनिवार्य व्यवहारिक ज्ञान की संज्ञा दी। कार्यक्रम की उपसमन्वयक निशा पटेल, सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष फारेंसिक साइंस ने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान दिया।