दुर्ग
दुर्ग, 11 मार्च। आय से अधिक रुपए मूल्य की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने वाले आरोपी वन परीक्षेत्र अधिकारी को कोर्ट ने सजा दी है।
विशेष न्यायाधीश आदित्य जोशी की कोर्ट ने आरोपी शंकर दास वन परिक्षेत्र अधिकारी धमधा को धारा 13-1 ई एवं 13-2 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास, 10000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 3 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती जाहिदा परवीन ने पैरवी की थी।
विशेष लोक अभियोजक जाहिदा परवीन ने बताया कि आरोपी शंकर दास पिता बलीराम दास 51 वर्ष वन परिक्षेत्र अधिकारी धमधा के पद पर कार्यरत था। वन परीक्षेत्र अधिकारी के पद पर रहते हुए 10 नवंबर 1993 से 15 नवंबर 2016 तक के बीच उसने अपने तथा अपने परिवार के स्त्रोतों से उपार्जित आय से अधिक कुल 45,63,328 रुपए मूल्य की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित कर अपराधिक कार्य किया था।