दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 फरवरी। भिलाई निगम के अंतर्गत आने वाले अटल आवास बसंत विहार वार्ड क्रमांक 25 के निवासी जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने अपने आवेदन में कहा कि बिल्डर द्वारा नाले के पास का रिटर्निंग वाल तोड़ दिया गया है। इससे नाले के पानी के प्रवाह की दिशा अटल आवास की ओर मुड़ गई है। इसके चलते बारिश के समय नाले के जलप्रवाह बढऩे पर बस्ती के जलमग्न होने की आशंका बनेगी। इससे जान-माल बुरी तरह से प्रभावित हो सकता है।
इस आवेदन पर कलेक्टर ने नगर निगम भिलाई के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिये। पूरे मामले की जांच करने कहा तथा यदि बिल्डर की गलती पाई जाती है तो उस पर कारर्वाई के निर्देश निगम अधिकारियों को दिये।
कुरूद निवासी कुमारी लीना साहू ने लैब टेक्नीशियन का कोर्स करने के लिए कलेक्टर का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि लैब टेक्नीशियन का कोर्स करने के लिए मेरा सलेक्शन कॉलेज में हो गया है, किंतु आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने कारण मैं अपना फीस जमा नहीं कर पा रही हूं। इस पर कलेक्टर ने सीएमएचओ को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भिलाई निवासी शशी हंस ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत रोजगार दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि मुझे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिला है किंतु आवास की राशि जमा कर पाना संभव नहीं हो रहा है। मैं सिलाई का कार्य करती हूं, जिससे आमदनी बहुत कम होती है। जिसके कारण आवास की राशि जमा करना मुश्किल हो रहा है। इसी प्रकार रूआबांधा निवासी वंदना ने बीएसपी द्वारा उनके मुर्गी फार्म की दुकान को बंद कराए जाने की बात कही। इस पर कलेक्टर ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत रोजगार दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी को कहा।
भिलाई निवासी प्राचार्य शोभा गुप्ता ने आवेदन में बताया कि जन सहयोग से गरीब छोटे बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद प्राप्त नही होती है। उन्होंने शालेय गणवेश, कापी पुस्तक एवं बैग के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। बोरसी भाठा दुर्ग के समस्त वाडर्वासियों ने अवैध कब्जा को हटाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम को स्वयं निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने को कहा।