दुर्ग

देर रात सडक़ पर चलती गाड़ी के बोनट और विंडो तक गुलाटियां लगाते वीडियो फैला, युवकों पर कार्रवाई
27-Feb-2023 8:10 PM
देर रात सडक़ पर चलती गाड़ी के बोनट और विंडो तक गुलाटियां लगाते वीडियो फैला, युवकों पर कार्रवाई

एसपी ने कहा-अब ऐसे बिगड़े युवकों की खैर नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 27 फरवरी। सडक़ पर बाईक पर स्टंट करते, कानफाड़ू साइलेंसर लगा यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे भिलाई के बिगड़ैल युवकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है।

ज्ञात हो कि शहर की सडक़ों पर देर रात निकले कुछ युवक चार पहिया वाहन के सामने बोनट पर बैठ स्टंट कर रहे थे और कुछ कार की खिडक़ी से आधा बाहर निकल चलती गाड़ी में हो हल्ला मचाते हीरोपंती दिखा आने जाने वाले दुपहिया वाहन चालकों का ध्यान अपनी तरफ खींच रहे थे। ऐसा ढेर सारा वीडियो शहर के नागरिकों ने दुर्ग पुलिस के सायबर सेल और एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव को भेजा है।

एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि इनकी हीरोपंती का वीडियो शहर के ही जागरूक लोगों ने उनके पास भेजा और कार्रवाई की मांग की है। एसपी डॉ. पल्लव ने तत्काल टीम को इस वीडियो की पतासाजी में लगाया और जांच में ये सभी युवक भिलाई दुर्ग के ही रहवासी पाए गए हैं।

एसपी दुर्ग ने जिले के सभी नागरिकों विशेषकर युवाओं से अनुरोध किया है कि यातायात नियमों का पालन करें। जो वीडियो प्राप्त हुए हैं, उनके आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 24 घंटे के भीतर कई आरोपियों की शिनाख्त कर यातायात अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

 डॉ. पल्लव ने कहा कि इस तरह गुलाटियां मार हीरोपंती करने वाले यातायात नियमों का उल्लंघन के साथ-साथ अन्य नागरिकों के जीवन को भी जोखिम में डालते हैं। वीडियो और फोटो भेजने वाले सभी नागरिकों को एसपी ने धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसी जागरूकता से हम सब मिलकर सडक़ को सुरक्षित बना सकते हैं।


अन्य पोस्ट