दुर्ग
साथ बैठकर शराब पी फिर हुआ था विवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 फरवरी। दुर्ग जिले में तीन दिन के भीतर चाकूबाजी से हुई दो मौतों के बाद बीती रात भिलाई में फिर एक चाकूबाजी की घटना हुई है। यह घटना भी शराब पीने के बाद घटी। इस बार आरोपी भिलाई क्राइम ब्रांच में तैनात एएसआई का बेटा है।
दरअसल, एएसआई का बेटा और एक आरक्षक उसका दोस्त साथ बैठ कर शराब पी रहे थे। इस दौरान दोनों में कुछ विवाद हुआ और विवाद के बीच एएसआई के बेटे ने आरक्षक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आरक्षक घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। भिलाई क्राइम ब्रांच में तैनात एएसआई का बेटा और उतई थाने में पदस्थ आरक्षक ताम्रध्वज चंद्राकर साथ बैठ कर शराब पी रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एएसआई के बेटे ने आरक्षक ताम्रध्वज पर चाकू से हमला कर दिया।
दोनों भिलाई के सिविक सेंटर में शराब पार्टी कर रहे थे। आरक्षक की जांघ पर चाकू लगा है, जिससे काफी चोट आई है। आनन-फानन उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गौरतलब हो कि दुर्ग में तीन दिन पहले ही दो भाईयों पर शराब के नशे में तीन लोगों ने चाकू से हमला किया, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई हास्पिटल में उपचारार्थ भर्ती है। भिलाई के रूआबांधा में मंगलवार की रात शराब पार्टी कर रहे चार दोस्तों में विवाद हुआ तो तीन ने मिलकर एक की चाकू से वार कर हत्या कर दी थी।