दुर्ग

साइंस पार्लियामेंट में साइंस कॉलेज के विद्यार्थी ने प्रदर्शित किया स्मार्ट डस्टबिन
21-Feb-2023 2:49 PM
साइंस पार्लियामेंट में साइंस कॉलेज के विद्यार्थी ने प्रदर्शित किया स्मार्ट डस्टबिन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 21 फरवरी। हेमचंद यादव विवि द्वारा 16 से 23 फरवरी तक विज्ञान विषय के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों हेतु ऑनलाईन रूप से आयोजित साइंस पालिर्यामेंट में तीसरे दिन प्रतिभागी दोनों महाविद्यालयों शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय तथा शासकीय जेएलएन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बेमेतरा के प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 

साइंस कॉलेज, दुर्ग के भौतिक विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी प्रज्जवल ताम्रकार ने स्मार्ट डस्टबिन का रोचक प्रदर्शन किया। प्रज्जवल ने बताया कि उसने ऐसे डस्टबिन का मॉडल बनाया है, जिसके एक फीट नजदीक जाने पर उसका ढक्कन स्वयं खुल जाता है। इसे कोविड-19 काल में संक्रमण के दौरान किसी भी चीज को न छूने की अवधारणा पर विकसित किया गया है। मॉडल में खास बात यह है कि डस्टबिन के भर जाने पर इसमें प्रयोग की गई लाईटें बीप की ध्वनि के साथ जल उठती है, तथा   डस्टबिन पूर्ण भर जाने पर इसका सीधा कनेक्शन नगरी निकायों के कार्यालय में किया जा सकता है। जिससे वह उपस्थित कर्मचारी को इस बात की सूचना मिल जाये कि उस डस्टबिन वाले मोहल्ले में कर्मचारी भेजकर डस्टबिन को खाली कराये जाने की आवश्यकता है। साइंस कॉलेज द्वारा प्रस्तुत इस मॉडल की सभी लोगों ने प्रशंसा की।
प्रथम सत्र में साइंस कॉलेज के सहायक प्राध्यापकों डॉ. कुसमांजली देशमुख ने सत्येन्द्र नाथ बोस की जीवनी, डॉ. श्वेता पांडे ने सिकलसेल एनिमिया तथा डॉ. सुनीता सांवरिया ने रायपुर स्थित बेन्द्री नदी की जल प्रदूषण तथा मोती राम साहू ने महाविद्यालय में जारी नये शोध कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इनके अलावा शोध एवं स्नातकोत्तर छात्रों आलिया फिरदौस ने डायबिटिज, गरिमा ठाकुर ने सिल्वर नैनो पार्टिकल सोमेन्द्र ने डायबिटिक टारगेट प्रोटीन, संदीप झारिया ने वॉटर रैमेडिएशन, वर्षा देशमुख ने डिफरेंशियल जीपीएस पर केन्द्रित ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के आरंभ में साइंस कॉलेज, दुर्ग की डॉ. अनुपमा अस्थाना ने महाविद्यालय द्वारा किये जाने वाले प्रस्तुतिकरण की रूप रेखा प्रस्तुत की।

द्वितीय सत्र में शासकीय पीजी महाविद्यालय, बेमेतरा के विद्याथिर्यों ने सराहनीय प्रस्तुतिकरण दिया। संस्था की पूजा साहू एवं गोमती साहू ने महाविद्यालय का परिचय दिया, जबकि महाविद्यालय के श्री पाटिल ने जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाले आर्थिक कठिनाईयों का विवरण प्रस्तुत किया। वर्षा सिन्हा ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा डॉ. सुनीता नरायण पर केन्द्रित जानकारी दी। 

महाविद्यालय के 3 छात्राओं नेहा देवांगन, मीरा साहू तथा रूपा बघेल ने वॉटर एनालाइजर का विष्लेषण किया। बेमेतरा कॉलेज के अभिषेक सिंह ने बैटरी से चलने वाली बाइक की जानकारी दी। बेमेतरा के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय में ऑनलाईन पेमेंट पोर्टल भी निर्मित कर प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में दोनों महाविद्यालय के प्रस्तुतकर्ताओं से उपस्थित प्रतिभागी ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा का समाधान किया।


अन्य पोस्ट