दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 फरवरी। एक ही जमीन का 2 लोगों से सौदा कर प्रार्थी के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ न्यायालय से आदेश के बाद धारा 420, 467, 468, 471 के तहत उतई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
ग्राम गोंडपेंड्री निवासी तोरण ठाकुर से गांव के ही निवासी आरोपी कमलेश यादव ने अपनी जमीन को बेचने का सौदा 2.60 लाख रुपए में किया था।
इसके लिए इकरारनामा भी तैयार किया गया था। जब प्रार्थी तोरण ठाकुर ने आरोपी से रजिस्ट्री करने के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद प्रार्थी को पता चला कि उक्त जमीन को आरोपी कमलेश ने पहले ही भेज दिया था। वहीं मास्टर प्लान के तहत सडक़ बनाने के लिए उक्त जमीन का सरकार ने 14 लाख रुपए का मुआवजा भी आरोपी को दिया था। प्रार्थी द्वारा उतई थाने में शिकायत की गई थी परंतु कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय का सहारा दिया था।
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 17 भाटापारा गोंडपेंड्री तहसील पाटन निवासी तोरण ठाकुर के साथ आरोपी कमलेश यादव एवं उसके पिता प्यारेलाल यादव ने 29 सितंबर 2021 को 2.60 लाख में जमीन का सौदा किया था।
प्रार्थी ने आरोपी कमलेश को 2.60 लाख रुपए दे दिए थे। लिखित में सौदा हो जाने के बाद भी आरोपी टालमटोल करने लगा था। इस दौरान आरोपी के पिता प्यारेलाल का निधन भी हो गया था।