दुर्ग

झूठा शपथ पत्र देकर ब्लैक लिस्टेड ठेकेदार ने निगम में ले लिया ठेका, ठेका निरस्त
15-Feb-2023 2:58 PM
झूठा शपथ पत्र देकर ब्लैक लिस्टेड ठेकेदार ने निगम में ले लिया ठेका, ठेका निरस्त

भिलाई नगर, 15 फरवरी। ब्लैक लिस्टेड ठेका कंपनी ने झूठा शपथ पत्र देकर नगर निगम में ठेका ले लिया है। भाजपा पार्षदों ने इसका विरोध करते हुए शिकायत दर्ज करवाई तो जांच में मिला कि आरोप सही हैं। अब कंपनी का ठेका निरस्त कर निगम उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है। 

गौरतलब हो कि रिसाली नगर पालिक निगम की मेयर इन काउंसिल ने सफाई ठेका कंपनी पीवी रमन का ठेका निरस्त कर दिया है। सामान्य सभा की बैठक में भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया था कि पीवी रमन ने झूठा शपथ पत्र दे कर सफाई ठेका लिया है। सभापति केशव बंछोर ने मामले की जांच मेयर इन काउंसिल के जरिए करने की बात कही थी।  रिसाली महापौर शशि सिन्हा की अध्यक्षता वाली परिषद ने आरोप को सही पाते हुए सफाई ठेका को निरस्त कर दिया है। कंपनी पर आरोप लगाया गया था कि वो दूसरे जिले में ब्लैकलिस्ट होने के बाद भी झूठा शपथ पत्र दे रिसाली निगम का सफाई ठेका गलत तरीके से लिया। सामान्य सभा में गहमा गहमी के बाद सभापति ने इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने को कहा था।  जांच कमेटी ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट मेयर शशि सिन्हा को दी। 

जांच प्रतिवेदन से स्पष्ट हुआ कि सफाई ठेका लेने ठेकेदार पीवी रमन ने अपने शपथ पत्र में इस बात का उल्लेख नहीं किया कि उसका नाम धमतरी निगम ने काली सूची में शामिल है। महापौर परिषद के सदस्यों ने इसे गंभीर आरोप मानते हुए उसका ठेका निरस्त कर दिया है।

 


अन्य पोस्ट