दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के बैनर तले किसानों ने पटेल चौक में राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। इसमें किसानों बघेल सरकार को विधानसभा चुनाव में किये गये उन वायदों की याद दिलाई जिन्हें आज तक पूरा नहीं किया गया है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने चना एवं गेंहू की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने एवं स्वामीनाथन आयोग की अनुशंसा के अनुरूप उपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग की। किसानों ने कहा कि सरकार ने धान का एक एक दाना खरीदने, रमन काल के 2 साल के बकाया बोनस देने, चना गेंहू आदि की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी करने, किसान पेंशन लागू करने, स्वामीनाथन आयोग की अनुसंशा के अनुरूप उपजों का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने आदि वायदे किये थे, जिन्हें आज तक पूरा नहीं किया है। सरकार किसानों का कर्ज माफ करने का ढिंढोरा पीटती है।
सरकार के दावे के विपरीत कर्ज माफी में वाणिज्यिक बैंक और सहकारी बैंक के किसानों से भेदभाव का व्यवहार किया है।
इस प्रदर्शन के दौरान रूपेंद्र दिल्लीवार, राम वर्मा, देवशरण साहू, ओमकार साहू, दिग्विजय पारकर, भूषण साहूए,डेरहा राम साहू, भगेला राम, कुंवर सिंह, भगतराम, मंगलूराम बघेल, मुरारी साहू, रामलाल, वसंत कुमार, अतीश कुमार, पंचराम, लेखराम, शिवकुमार, मूलचंद,दीपक यादव, परमानंद यादव, उत्तम चंद्राकर, झबेंद्र भूषण वैष्णव, आईके वर्मा, राजकुमार गुप्त आदि मौजूद थे ।