दुर्ग

कल तक वेतन नहीं दिया तो भिलाई निगम में बेमियादी हड़ताल
09-Feb-2023 3:48 PM
कल तक वेतन नहीं दिया तो भिलाई निगम में बेमियादी हड़ताल

अधिकारी कर्मचारी संघ ने दी चेतावनी, काला फीता लगा आज कर रहे काम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 फरवरी।
नगर निगम भिलाई के अधिकारी व कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके विरोध में सभी दो दिन से काला फीता लगाकर काम कर रहे हैं। सभी ने चेतावनी दी है कि 10 फरवरी तक तनख्वाह नहीं मिली तो सामूहिक आकस्मिक अवकाश लेकर बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।

संघ के प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि नगर निगम भिलाई के अधिकारी-कर्मचारियों को बीते कई माह से समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। बार-बार निगम आयुक्त से लेकर शासन प्रशासन से पत्र व्यवहार करने के बाद भी समय पर वेतन नहीं मिल रहा है जिससे आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। सभी का बैंक लोन सीआर खराब हो रहा है।

श्री शर्मा ने बताया कि शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने 10 फरवरी तक ऐसे ही शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी वेतन नहीं दिया गया तो 14 और 15 फरवरी को एक साथ सभी अधिकारी कर्मचारी आकस्मिक अवकाश लेंगे और निगम मुख्यालय के सामने धरना देंगे। यह निगम प्रशासन और शासन के लिए अंतिम मौका होगा।
 


अन्य पोस्ट