दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 फरवरी। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने दिसंबर-जनवरी में आयोजित सेमेस्टर परीक्षाओं के 61 में से 41 परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये हैं। अधिकांष परीक्षाओं में परीक्षार्थियों के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 80 से ज्यादा हैं। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि कोविड-19 के दौरान हुई ऑनलाईन परीक्षा के पश्चात् सम्पन्न हुई। ऑफलाईन सेमेस्टर परीक्षा में परीक्षार्थियों द्वारा अच्छा प्रदर्शन नहीं किये जाने तथा अधिकांष प्रश्नों के उत्तर पूर्ण रूप से न लिखकर बहुत ही संक्षेप में उत्तर देने तथा कई प्रश्न के उत्तर खाली छोड़ देने की शिकायत अधिकांश मूल्यांकनकर्ताओं ने विवि की कुलपति से की हैं।
जिन परीक्षाओं के नतीजे पिछले कुछ दिनों में घोषित किये गये है उनमें एमए राजनीति शास्त्र प्रथम सेमेस्टर में सम्मिलित परीक्षार्थियों की संख्या 813 जिनमें उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 708 हैं, जिनका परीक्षा परिणाम 87 प्रतिशत रहा।
इसी प्रकार एमए भूगोल तृतीय सेमेस्टर में 268 परीक्षार्थियों में से 265 परीक्षार्थी सफल हुए जिनका परीक्षा परिणाम 98 प्रतिशत रहा। एमएड प्रथम सेमेस्टर में सम्मिलित परीक्षार्थियों की संख्या 297 तथा उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 260 है इस प्रकार परीक्षा परिणाम 87 प्रतिशत रहा। एमएड तृतीय सेमेस्टर में 374 परीक्षार्थियों में से 353 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित हुए हैं जिनका परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत हैं। एमए हिन्दी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में 90 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे। इसमें 785 में से 710 परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त की हैं। वहीं एमए तृतीय सेमेस्टर हिन्दी में 585 में से 549 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की तथा परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत रहा।
एमएससी तृतीय सेमेस्टर कम्प्यूटर साइंस में 49 में से 39 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे जिनका परीक्षा परिणाम 80 प्रतिशत रहा। एमएससी बायोटेक्नॉलाजी प्रथम सेमेस्टर में 86 में से 76 परीक्षार्थी सफल रहे जिनका परीक्षा परिणाम 91 प्रतिशत रहा। वही एमएससी बायोटेक्नॉलाजी तृतीय सेमेस्टर में 80 में से 72 परीक्षार्थी सफल रहे जिनका परीक्षा परिणाम 90 प्रतिषत् रहा। डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि पुर्नगणना अर्थात रिटोटलिंग करवाने हेतु परीक्षार्थी परिणाम जारी होने की तिथि से 15 दिवस के अंदर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. राजमणि पटेल के अनुसार विवि प्रशासन यह प्रयास कर रहा हैं कि 15 फरवरी तक सेमेस्टर परीक्षाओं के समस्त परिणाम घोषित हो जायें। उन्होंने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं से संबंधित विभिन्न कक्षाओं की 50 प्रतिशत से अधिक प्रायोगिक परीक्षाएं सम्पन्न हो चुकी हैं।
शेष प्रायोगिक परीक्षाओं को सम्पन्न कराने हेतु विवि द्वारा सभी महाविद्यालयों को 20 फरवरी तक की समय अवधि प्रदान की गई है। प्रायोगिक परीक्षा के सम्पन्न होने के तत्काल पश्चात संबंधित महाविद्यालय द्वारा अपने पोर्टल पर विद्यार्थियों को मिले प्राप्तांकों को अपलोड कर विवि को प्रेषित कर दिया जाता है।