दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 फरवरी। नगर पालिका परिषद जामुल में सत्तासीन भाजपा के प्रेसिडेंट इन काउंसिल के 2 सदस्य एवं पार्षद के कांग्रेस पार्टी में प्रवेश के बाद बहुमत वाली भाजपा सरकार अब अल्पमत में आ गई है।
20 वार्ड पार्षद की संख्या वाले इस पालिका में भाजपा की संख्या घटकर 12 से 10 रह गई है जबकि कांग्रेस की संख्या निर्दलीय समर्थकों सहित 7 से बढ़ 9 हो गई है। एक पार्षद जनता कांग्रेस (जे) का है। खबर मिली है कि कांग्रेस पार्टी जामुल पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव वर्तमान परिस्थिति में ला सकती है।
जामुल में सत्तासीन भाजपा के दो वरिष्ठ पार्षद तथा पीआईसी मेंबर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने दोनों पार्षदों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर विधिवत कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
गौरतलब हो कि 23 वर्षों से भाजपा की सक्रिय सदस्य रहीं राम प्यारी वर्मा तथा कुलेश्वर देवांगन ने बुधवार को भाजपा छोड़ दी। राम प्यारी वर्मा पूर्व में जामुल नगर पालिका की उपाध्यक्ष तथा भिलाई जिला भाजपा में मंत्री भी थीं। भाजपा के दो पार्षदों के द्वारा पार्टी छोडऩे के बाद से जामुल पालिका में भाजपा अल्पमत में आ गई है।
बहुमत के आधार पर भाजपा के ईश्वर सिंह ठाकुर एक वर्ष पूर्व जनवरी 2022 में अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की सीमा यादव को क्रॉस वोटिंग के कारण कांग्रेस की सुनीता चन्नेवार ने परास्त किया था। इसी के बाद तय हो गया था कि आगे भाजपा के लिए जामुल की सत्ता को चला पाना आसान नहीं होगा। गुजरते समय के बाद अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर के मध्य वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य रामप्यारी वर्मा, कुलेश्वर देवांगन के मध्य मतभेद बढ़ते चले गए और दोनों ही पार्षद अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज रहे और इसकी शिकायत पार्टी में वरिष्ठ नेताओं तक भी की गयी। इस बीच अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने पीआईसी भंग कर दिया जिससे भाजपा पार्षदों में और भी आक्रोश बढ़ गया।
अध्यक्ष का अडिय़ल और मनमाना रवैया जिम्मेदार-रामप्यारी
राम प्यारी वर्मा का कहना है कि अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर के अडिय़ल रवैया से संगठन तथा वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद परिस्थितियों में कोई सुधार नहीं आया। लगातार अध्यक्ष के द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही थी वह जामुल पालिका में तीन बार पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं और पार्टी में विगत 25 वर्षों से कई पदों पर रहते हुए सेवा करती आ रहीं। ऐसे में लगातार एक वर्ष से अध्यक्ष के द्वारा की जा रही उनकी उपेक्षा से परेशान होकर अंतत: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विकास नीतियों से प्रेरित होकर एवं गुरु रुद्र कुमार के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए कल उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
सत्ता बचाने के लिए प्रयास जारी-बिचपुरिया
जिला भाजपा अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पार्टी सदैव से ही तोड़ फोड़ की राजनीति करते आ रही है। शासन प्रशासन एवं भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता रामप्यारी वर्मा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कराकर उन्हें एवं कुलेश्वर देवांगन को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि अध्यक्ष एवं रामप्यारी वर्मा के मध्य मतभेद चल रहे थे और इसके लिए उनके द्वारा बैठक भी ली गई थी और जल्द ही दोनों के ही मध्य चल रहे विवाद का निराकरण भी संभवत: कर लिया जाता। इसके पूर्व कांग्रेस के द्वारा जबरिया दबाव बनाकर उन्हें पार्टी ज्वाइन कराई गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व को जामुल पालिका की वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया गया है और पार्टी छोड़ कर जाने वाले दोनों ही पार्षदों से भी वापसी के लिए उनके द्वारा चर्चा की जा रही है। जल्द से जल्द इस संकट का हल पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के द्वारा निकाल लिया जाएगा।