दुर्ग

मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है पटरीपार की जनता-जितेंद्र
08-Feb-2023 4:18 PM
मूलभूत सुविधाओं  के लिए तरस रही है पटरीपार की जनता-जितेंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 फरवरी।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार, निरंकुश प्रशासन, बढ़ते अपराधीकरण, बेतहाशा सडक़ दुर्घटनाएं, महिला अत्याचार रोकने में विफलता और दुर्ग नगर निगम की भ्रष्ट नीतियों के विरोध में निकाली जा रही जनाक्रोश पदयात्रा चौथे दिन सिकोलाभाठा पटरीपार मंडल के वार्ड 57 उरला के बजरंग चौक से प्रारंभ हुई, जो वार्ड नंबर 58 नहरपार रोड, वार्ड 14 पायल मेडिकल स्टोर, सिकोला भाटा वार्ड15 सिकोला बस्ती, वार्ड 17 शांति नगर, वार्ड 18 मानस भवन, काली मंदिर, वार्ड 59 कातुल बोर्ड रोड, वार्ड 21 बुधवारी बाजार, शहीद भगत सिंह स्कूल, सूर्या होटल से होते हुए सिकोलाभाठा मार्केट स्थित भारत माता चौक में आमसभा कर समापन किया गया।

यात्रा के दौरान पटरीपार मंडल के कई ऐसे वार्ड आये, जो अपने विकास की बाट जोह रहे हैं। इनमें से प्रमुख रूप से वा बे आवास के साथ.साथ झुग्गी बस्तियों से घिरे वार्ड 18, 19, 20, 21 और 22 है। वार्ड 18, 19, 20, 21 और 22 की जनता ने पट्टा वितरण नहीं किए जाने तथा पीने के पानी की भारी किल्लत से पैदा हो रही परेशानियों को साझा किया। सडक़ों के बारे में बताते हुए जवाहर नगर के नागरिकों ने बताया कि जवाहर नगर चौक से हरिनगर की ओर जाने वाली सडक़ बुरी तरह से जर्जर हो चुकी है, इसी प्रकार रायपुर नाका से सिंधिया नगर वार्ड 21 से होकर वार्ड 59 कातुलबोड़ जाने वाली सडक़ भी इतनी अधिक जर्जर हो चुकी है कि लगातार दो पहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, जिसके बारे में कई बार नागरिकों ने महापौर और विधायक अरुण वोरा के सामने मांग रखी लेकिन विधायक को पटरीपार क्षेत्र की कोई चिंता नहीं है।

भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि अब तक  जनाक्रोश पदयात्रा के दौरान दुर्ग शहर के तीनों मंडलों के विभिन्न वार्डों में दौरा किया गया और पदयात्रा के चौथे दिवस पर सिकोलाभाठा पटरीपार मंडल के विभिन्न वार्डों में पदयात्रा की गई। उरला, बाम्बे आवास क्षेत्र, सिकोला बस्ती, सिकोलाभाठा और शांतिनगर, तितुरडीह क्षेत्र ऐसे हैं, जो आज भी हमें ग्रामीण परिवेश की याद दिलाते हैं और इन सभी वार्डों की दुदर्शा का कारण नगर निगम के निष्क्रिय और अनुभवहीन महापौर धीरज बाकलीवाल और विधायक अरुण वोरा की जोड़ी है। विधायक अरुण वोरा सौगात के नाम पर लोगों को सिर्फ लोकलुभावन लॉलीपॉप देते हैं और लोगों की आस जाग जाती है और जागेगी भी क्यों नहीं क्योंकि हर व्यक्ति अपने लिए सुविधा चाहता है। कुल मिलाकर शहर के दोनों जनप्रतिनिधि जो सिर्फ और सिर्फ अपनी घोषणाओं के नाम से जाने जाते हैं। चेहरा चमकाने हेतु फोटोबाजी करने वाले इन नेताओं के पास विकास के नाम पर नगर निगम दुर्ग में एक धेला नहीं है क्योंकि भ्रष्टाचार कर कर के इन्होंने नगर निगम को खोखला कर दिया है।

आने वाले दिनों के चुनाव में दुर्ग शहर की जनता इन दोनों अकर्मण्य नेताओं को जरूर घर बैठाएगी।
जन आक्रोश पदयात्रा में जिला महामंत्री ललित चंद्राकर, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रीतपाल बेलचंदन, डॉ, शरद अग्रवाल, विनायक नातू, रोहित साहू, राजा महोबिया, रजनीश श्रीवास्तव, सुनील अग्रवाल, देवनारायण चंद्राकर, संतोष सोनी, बानी सोनी, संदीप भाटिया, नरेश तेजवानी, नंदा साहू, शिवेंद्र परिहार, जगजीत सिंह बाबर, उदयपाल, निलेश सिन्हा आदि शामिल रहे।
 


अन्य पोस्ट