दुर्ग

घर के बाहर खड़ी कार में आग, खाक
21-Jan-2023 1:41 PM
घर के बाहर खड़ी कार में आग, खाक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 जनवरी।
आज सुबह शांति नगर क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी कार में आग लगी देख अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि कुछ शरारती तत्वों ने कार में आग लगाई और निकल भागे। कार जब जलने लगी तो घर के अंदर धुआं घुसने पर घर वाले जागे और चीख पुकार मचाते तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। लगभग सुबह सवा पांच बजे फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कार में लगी आग को बुझाया। जब तक आग बुझी कार बुरी तरह जल कर खाक हो गई है।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह पौने 5 बजे फायर कंट्रोल रूम को शांति नगर की एक कार में आग लगने की सूचना मिली। वैशाली नगर थाना अंतर्गत शांति नगर वॉर्ड क्रमांक 10 में द्रोणी कुमार साहू के घर के बाहर खड़ी कार में आग लगी थी। फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर क़ाबू पाया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

इस दौरान जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह, अग्निशमन कर्मी महेन्द्र कुमार चंदेल, अवतार सिंह, पराग भोसले, नागेश मार्कण्डेय, हीरामन आदि ने कार में लगी आग को बुझाया। घटना की सूचना वैशाली नगर पुलिस को दी गई है। फिलहाल जांच के बाद कार में लगी आग के कारणों का पता चल पाएगा।


अन्य पोस्ट