दुर्ग
आरोपी के फरार होने की खबर मिलते ही पीडि़तों ने दफ्तर का ताला तोड़ा, सामान लूटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 जनवरी। मोती की माला गूंथकर देने के बाद अच्छी रकम देने का लालच देकर लगभग 9 हजार महिला सदस्यों से ढाई-ढाई हजार रूपये जमा कर 2 करोड़ से अधिक रकम की ठगी कर होम ग्राउंड कारपोरेशन कंपनी का संचालक फरार हो गया। इस बात की जानकारी लगते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ कार्यालय के सामने एकत्र हो गई और लोगों में गुस्सा व्याप्त हो गया। गुस्साए लोगों ने ऑफिस का ताला तोडक़र टेबल, कुर्सी, लैपटॉप सहित अन्य सामानों को लूट लिया।
इस दौरान कुछ लोगों ने पत्थर मारकर कंपनी के बाहर के कांच को तोड़ डाला। जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और कार्यालय को सील लगाया। संचालक के फरार हो जाने की जानकारी मिलते ही सैकड़ों महिलाएं कंपनी के सामने एकत्र को गई। कई महिलाएं अपनी मेहनत की कमाई डूब जाने की बात कह कर रोने लगी।
किराए पर चल रहे इस कार्यालय के भवन मालिक के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा व्याप्त रहा। इसी भवन में पीछे की ओर ओडीसी कंप्यूटर शॉप इंदिरा मार्केट में भी लोग पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया। महिलाओं ने इस दुकान के सामान को भी लूटने के लिए अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची महिला एवं पुरुष पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। विरोध प्रदर्शन कर रही एक महिला को पकडक़र थाने में लाकर बैठाया गया। घंटों हंगामे के बाद पुलिस थाने में पहुंचकर महिलाओं ने आवेदन सौंपा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को मोती की गुथी हुई माला को जमा कराने एवं अपनी रकम लेने के लिए महिलाएं इंदिरा मार्केट स्थित होम ग्राउंड कारपोरेशन कंपनी के कार्यालय में पहुंची तब कंपनी में ताला लगा मिला। महिलाओं ने जब कंपनी के संचालक के मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन भी बंद मिला। पिछले लगभग 3 माह से चल रही कंपनी गुरुवार की सुबह 10.30 बजे नहीं खुली। इस बात की जानकारी लगते ही सैकड़ों की तादाद में महिला एवं पुरुष कंपनी के सामने एकत्र हो गए। गुस्साए लोगों ने कंपनी के ऑफिस का ताला तोडक़र ऑफिस के भीतर रखे कंप्यूटर, टेबल, कुर्सी सहित अन्य सामानों को लूट लिया।
मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया। इसके सैकड़ों की तादाद में परेशान महिलाएं कोतवाली थाना पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए विरोध करने लगी। यहां भी स्थिति को नियंत्रण करने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। ठगी का शिकार हुई महिलाओं का कहना था कि इतने दिनों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में धोखाधड़ी का कार्य चल रहा था तो पुलिस या जिला प्रशासन ने कोई कदम क्यों नहीं उठाया।
धोखाधड़ी का शिकार हुई महिलाओं ने बताया कि इस कंपनी का संचालक सानू कुमार है। उसके द्वारा ही स्कीम चलाया जा रहा था सिक्योरिटी के तौर पर प्रत्येक से 2500 जमा कराया जा रहा था। इसके बाद कंपनी द्वारा 3 किलो काले रंग की मोती दी जाती थी और मोती का हार पिरोंकर 15 दिन में जमा करना पड़ता था।
हार जमा करने पर 35 सौ रुपए दिए जाने का वादा कंपनी द्वारा किया गया था। बाहर से आकर इंदिरा मार्केट में किराए से लेकर कंपनी चलाने वाले आरोपी सानू कुमार ने अपने कार्यालय में काम करने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर,ऑफिस असिस्टेंट, सुरक्षाकर्मियों सहित लगभग 30 युवक-युवतियों को काम पर रखा था। सभी को 15 से 20 हजार रुपए प्रति माह का वेतन देने का वादा किया था। हालांकि इसमें से ज्यादातर लोगों को वेतन नहीं दिया था। वह सभी लोग अपना वेतन नहीं मिलने से परेशान थे और उन्होंने भी पुलिस से शिकायत की है।
परेशान होकर घंटों खड़ी कई महिलाओं ने बताया कि उनके घर से कई कई लोग सदस्य बने हैं। कंपनी द्वारा एक व्यक्ति के जुडऩे पर उन्हें अन्य लोगों को जोडऩे के लिए लालच दिया जाता था।
एक व्यक्ति अगर अपने साथ चार अन्य लोगों को जोड़ेगा तो प्रत्येक सदस्य पर उन्हें 400 रुपए के हिसाब से रकम देने का वादा किया गया था। बहुत से ऐसे लोग थे, जिनके परिवार के 3-4 सदस्य इस कंपनी में सदस्यता लेकर माला गुथने का काम कर रहे थे।
कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने कहा कि इंदिरा मार्केट स्थित होम ग्राउंड कारपोरेशन के संचालक द्वारा लोगों से माला बनाने के काम को लेकर प्रत्येक से 2500 रुपए जमा करा कर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत मिली है। सभी से आवेदन लिया जा रहा है। आरोपी ने कितने लोगों को तथा कितने रुपए की ठगी का शिकार बनाया है इसके पूरे आंकड़े लिए जा रहे हैं। विवेचना की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।