दुर्ग

कार बैक करते समय पार्षद की मां आ गई चपेट में, अस्पताल में तोड़ा दम
19-Jan-2023 4:34 PM
कार बैक करते समय पार्षद की मां आ गई चपेट में, अस्पताल में तोड़ा दम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 जनवरी।
भिलाई तीन थाना अंतर्गत एक कार चालक ने घर के बाहर बैठी 85 वर्षीय वृद्ध महिला कंचन तिवारी को अपनी चपेट में ले लिया। महिला को गंभीर चोट आने पर तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक भिलाई तीन नगर निगम के पार्षद संतोष तिवारी की मां हैं।

भिलाई तीन थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि एकता नगर भिलाई 3 निवासी संतोष तिवारी निगम से कांग्रेस पार्षद हैं। उनकी मां कंचन तिवारी बुधवार की सुबह 10 बजे घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला सतीश कुमार साहू (25) अपनी कार लेकर गैस सिलेंडर लेने जा रहा था। वह कार को बैक कर रहा था तभी घर के पास पीछे बैंच पर बैठी महिलाओं पर उसने ध्यान नहीं दिया और तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक कार बैक करते समय कंचन तिवारी को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि उसने कार के बैक साइड से वृद्ध महिला को काफी बुरी तरह घसीट दिया, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं और वो बेहोश हो गईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भिलाई तीन पुलिस के मुताबिक आरोपी सतीश साहू पीलिया का मरीज है। वह शरीर से काफी कमजोर है। दुर्घटना करने के बाद उसकी तबीयत इतनी खराब हो गई कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पार्षद संतोष तिवारी की मां कंचन तिवारी की मौत की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां मेयर से लेकर सभी पार्षद और निगम अधिकारी पहुंचे थे। पुलिस द्वारा शव परिजनों को दिए जाने के बाद नूतन चौक मुक्तिधाम में रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया।


अन्य पोस्ट