दुर्ग

निगम का एक्शन, हटाए अवैध निर्माण
18-Jan-2023 4:21 PM
निगम का एक्शन, हटाए अवैध निर्माण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 जनवरी।
नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत अवैध कब्जा करने वालों पर नजर रखी जा रही है और उनके विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है, जोन 1 नेहरूनगर क्षेत्र में निगम के राजस्व विभाग की टीम ने जब निरीक्षण किया तो फरीद नगर में पार्क की जमीन पर कुछ लोगों के द्वारा अस्थाई रूप से बांस, बल्ली से कब्जा होना पाया। जिस पर कार्रवाई करते हुए तोडफ़ोड़ उपरांत सामग्री को जब्त किया गया। 

निगम क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध निर्माण तथा अवैध प्लाटिंग करने वालों पर शिकंजा कसने निगम आयुक्त रोहित व्यास ने अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देश दिए है। इसी तारतम्य में कार्रवाई की जा रही है। जोन 1 के जोन आयुक्त राजेन्द्र नायक ने बताया कि फरीद नगर में पार्क के लिए संरक्षित स्थल पर वहां के रहने वाले कुछ लोगो के द्वारा बांस, बल्ली से झोपड़ी बनाकर कब्जा कर लिए थे, एक दो के बाद कई लोग अस्थाई रूप से अवैध निर्माण कर रहे थे, जिसकी शिकायत भी हुई थी, शिकायत के आधार जोन 1 के राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और किए गए कब्जे को तोडफ़ोड़ कर ध्वस्त किया गया। कब्जे को हटाने के लिए निगम की टीम ने पूर्व में भी चेतवानी दी थी, परंतु कब्जा नहीं हटाया गया था। जिसे देखते हुए तहसीलदार एवं पुलिस बल के साथ निगम प्रशासन का अमला पहुंचा और कब्जा करने वालों को बेदखल करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार क्षमा यदु, सहायक राजस्व अधिकारी धीरज साहू, सब इंजीनियर पुरूषोत्तम सिन्हा, राजस्व विभाग एवं तोडफ़ोड़ दस्ते के कर्मचारी एवं पुलिस बल उपस्थित थे। 

 


अन्य पोस्ट