दुर्ग

सूने घर से लाखों के जेवर चोरी, जांच शुरू
17-Jan-2023 6:35 PM
 सूने घर से लाखों के जेवर चोरी, जांच शुरू

भिलाई नगर, 17 जनवरी। बेकरी व्यवसायी के बड़े भाई के विवेकानंद कॉलोनी स्थित निवास पर धावा बोल अज्ञात चोरों ने लाखों के जेवरों की चोरी कर ली। वारदात के समय घर में कोई नहीं था।  पुलिस जांच में जुट गई है।

वैशाली नगर थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने बताया कि बेकरी व्यवसायी मंगेश डिंगा के बड़े भाई  प्रकाश डिंगा विवेकानंद कॉलोनी निवासी करीब 5-6 दिन पूर्व अपनी पत्नी व बेटी के साथ दिल्ली गये हैं। उनका बेटा तरूण व पत्नी निकिता घर पर थीं। 15 जनवरी की सुबह 11 बजे तरूण व निकिता दुर्ग गए हुए थे। 16 को सुबह 9 बजे वापस घर लौटे तो दरवाजा में लगा ताला टूटा हुआ था। घर का सामान बिखरा मिला।

आलमारी का लॉकर तोड़ चोर 8 नग सोने की चूड़ी वजन, 2 सोने की चेन, 29 सोने की अंगूठी, 10 सोने के बिस्किट, 2 सोने का टाप्स, 2 डायमंड टाप्स, 8 नग चांदी का सिक्का चुरा कर ले गए।

सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच मौका मुआयना बाद वैशाली नगर थाना में धारा 380 व 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।


अन्य पोस्ट