दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 जनवरी। सेक्टर-10 स्थित कार्यालय में भिलाई बंगाली समाज की बैठक में 22 व 23 जनवरी को आयोजित फूड फेस्टिवल व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर निकलने वाली प्रभात फेरी सहित सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर चर्चा की गई। आयोजन को सफल बनाने पदाधिकारी व युवा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में बताया गया कि 22 व 23 जनवरी को ओपन एयर थियेटर सिविक सेंटर में बंगाली फूड फेस्टिवल का आयोजन शाम 6 बजे से किया जाएगा वहीं 23 जनवरी को नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की जयंती पर हुडको कालीबाड़ी से भव्य प्रभात फेरी सुबह 8 बजे निकाली जाएगी। प्रभात फेरी का समापन नेहरू कल्चरल हाउस सेक्टर-1 में होगा।
प्रभात फेरी के दौरान झांकियां भी निकाली जाएगी, जहां पारंपरिक वेशभूषा में बंगाली समाज के लोग सांस्कृतिक प्रस्तुति देते नजर आएंगे। बंगाली समाज द्वारा 18 दिसंबर को दुर्ग-भिलाई में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों का सम्मान 22 व 23 जनवरी को करने का निर्णय बैठक में लिया गया। ग्रुप ए और बी के विजेता प्रतिभागियों का सम्मान 22 जनवरी तथा ग्रुप सी और डी के विजेता प्रतिभागियों का सम्मान 23 जनवरी की शाम को ओपन एयर थियेटर सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी सुभांकर रॉय ने दी।