दुर्ग
नरेश बनवासी
दुर्ग, 11 जनवरी (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। पाटन विकासखंड अंतर्गत सेवा सहकारी समिति जामगांव आर में समिति अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में आपसी जन सहयोग से एक अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत किया जा रहा है। इस समिति में समर्थन मूल्य पर धान बेचने आने वाले हर किसान व मजदूरों को नि:शुल्क भरपेट भोजन कराया जाता है। यहां लगभग ढाई महीने से सेवा सहकारी समिति के कार्य दिवस पर भोजन की यह व्यवस्था निरंतर जारी है। हर दिन सौ से अधिक किसान मजदूर भोजन कर रहे हैं।
दिन भर चाय नाश्ता कर पड़ता था गुजारना
समिति में धान विक्रय करने आए किसान मजदूरों को एक साथ बैठकर भोजन करने का अद्भूत दृश्य यहां प्रतिदिन दोपहर 1 से 2 बजे के बीच देखा जा सकता है। ‘छत्तीसगढ़’ जब इस समिति में पहुंचा तो उस समय धान बेचने आए ग्राम बुढ़वा के खिलेश्वर कामरे, हेमंत टंडन, ईश्वर चंद्राकर, नरेंद्र साहू, भरत साहू, भूषण साहू, ग्राम खोला के नाथूराम बारले, पप्पू चंद्राकर बासीन, विशाल चंद्राकर औरी अनेक किसान भोजन कर रहे थे। इनमें से बहुत से किसानों ने बताया की धान विक्रय करने वे सुबह 7 बजे से ही घर से निकल जाते हैं। कई बार धान विक्रय होते तक शाम हो जाता था ऐसी स्थिति में यहां आए किसान मजदूरों को दिन भर का समय चाय-नाश्ता कर ही बिताना पड़ता था। इसमें सैकड़ों रुपए का अतिरिक्त आर्थिक व्यय भी हो जाता था। वहीं भरपेट भोजन समय पर नहीं मिलने को लेकर परेशानी भी होती थी।
कई बार किसानों को धान बिकने तक भूखा भी रहना पड़ता है। जन सहयोग से यहां कराए जा रहे भोजन व्यवस्था की क्षेत्र के अन्नदाता किसानों ने सराहना करते हुए कहा कि इससे समिति में आने वाले सभी किसान मजदूरों को समय पर भरपेट भोजन मिल जाता है। वहीं चाय-नाश्ता में होने वाले अतिरिक्त आर्थिक व्यय की भी बचत हो जाती है।
समिति के अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला ने कहा कि समिति में धान बेचने आने वाले किसान मजदूरों को होने वाली दिक्कतों को वे काफी समय से महसूस कर रहे थे। इस बात को लेकर उन्होंने लोगों को अवगत कराते हुए जनसहयोग से नि: शुल्क भोजन व्यवस्था कराए जाने की विचार रखी और जन सहयोग की सहमति मिल जाने के बाद 1 नवंबर को धान खरीदी शुरू होने के दिन से नि:शुल्क भोजन व्यवस्था का निर्णय लिया गया तब से यह निरंतर जारी है।
नंदनी साहू के नेतृत्व में समूह की महिलाएं भोजन व्यवस्था में जुटी है। इससे समूह की महिलाओं को भी पैसा मिल जाता है उनका कहना है कि अन्नदाता किसानों से ही यह समिति है इसलिए उनके लिए यह व्यवस्था सुचारू रूप से चलने पर वे काफी सुकून महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भोजन के दौरान धान उठाव करने आने वाले ट्रक के हमालों एवं ड्राइवर तथा स्टाफ को भी नि:शुल्क भोजन कराया जाता है। इन किसानों के लिए समिति में सर्वसुविधायुक्त किसान विश्राम कक्ष भी बनाया गया है, जहां किसान अपनी बारी आने तक विश्राम भी कर सकते हैं। श्री शुक्ला ने बताया कि समिति में पंजीकृत ग्राम जामगांव आर, भनसुली आर, औरी, बोरवाय, खोला एवं बासीन के 1569 किसानों से इस बार लगभग 64554 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है इसके विरुद्ध अब तक59103 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है।