दुर्ग
छीनाझपटी में अपना मोबाईल गिरा फरार, जांच शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जनवरी। फ्यूल टैंकर हेल्पर से मोबाईल छीनने बाईक सवार दो युवक पहुंचे और जबरन मोबाईल लेने के बाद जब टैंकर चालक विरोध करने लगा तो चाकू लहरा बाईक सवार उसे डराने लगे, इस बीच छीनाझपटी में आरोपी का मोबाईल गिरा और देखते ही देखते आरोपी लडक़े बाईक समेत भाग निकले।
घटना कल सुबह साढ़े 5 बजे पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट की धारा 394 के तहत कार्रवाई की है।
पुरानी भिलाई थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि श्रवण भारती (43 वर्ष) निवासी पुरैना पेशे से मनीष ट्रेवल्स आरके फ्यूल्स में टैंकर क्रमांक सीजी 07 एएक्स 9484 में हेल्पर है। मंगलवार की सुबह 5 बजे वह चहल-पहल डेली निड्स के सामने दुर्ग से रायपुर सर्विस रोड पर खड़ा हो टैंकर चालक दीवान सिंग का इंतजार कर रहा था।
अचानक एक मोटर सायकल में दो अज्ञात लडक़े आए, मोटर सायकल में पीछे बैठा लडक़ा गाड़ी से उतर कर श्रवण के पास आया और किसी से बात करना है कहकर मोबाईल मांगने लगा। श्रवण ने मोबाईल देने से मना किया तो लडक़े ने जबरन उससे
मोबाईल छीन लिया और चाकू से श्रवण की तरफ गर्दन व पीठ में मारकर चोट पहुंचाया। जिस लडक़े ने मोबाईल छीना व मारपीट की, झूमाझपटी के दौरान उसका मोबाईल वहीं गिर गया था, जो बाद में श्रवण को मिल गया है।
घायल श्रवण ने राहगीर के फोन से अपने भाई मनोज को बुलाया और थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले में पुरानी भिलाई पुलिस तफ्तीश कर रही है।