दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 जनवरी। फार्मेसी फील्ड में दवाइयों की टेस्टिंग अब और भी अधिक सटीक और सस्ती होगी क्योंकि भिलाई की फार्मेसी फैकल्टी व स्टूडेंट्स टीम ने लैब टेस्टिंग के लिए एक खास तकनीक इजाद की है, जिससे 4 मशीनों का काम अब एक ही मशीन कर देगी।
गौरतलब हो कि रुंगटा फार्मास्यूटिकल कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की फैकल्टी और स्टूडेंट्स टीम ने इस मशीन का नाम ‘एंजायटी बॉक्स’ रखा है। इस मशीन के जरिए दवाइयों के परीक्षण के दौरान लैब एनीमल पर रिसर्च आसान होगी। विदित हो कि इस खास उपकरण एंजायटी बॉक्स को रूंगटा फार्मा की प्रोफेसर सोनल सिन्हा, छात्रा रोमा साहू, ऋतु कश्यप, मानसी नागदेव, स्नेहा तिवारी और आंकाक्षा सिंह ने तैयार किया है, जिसे भारत सरकार ने प्रौद्योगिकी मंत्रालय से पेटेंट की मान्यता मिल गई है।प्रोफेसर सोनल ने बताया कि इस मशीन से नए स्टार्टअप की शुरुआत की गई है। पहले जहां फार्मेसी कॉलेजों को एंजायटी टेस्ट मशीन खरीदने लाखों रुपए चुकाने होते थे वहीं अब यह काम कुछ हजारों में हो जाएगा। स्टार्टअप से टेक्नोलॉजी ट्रांसफर करने प्रकिया शुरू हो गई है। शुरुआत में दो अन्य फार्मेसी कॉलेजों ने इस मशीन को खरीदने रुचि दिखाई है। इस स्टार्टअप के लिए रूंगटा ग्रुप की बिजनेस इन्क्यूबेशन सेल का भी सपोर्ट लिया जा रहा है।