दुर्ग

धर्मांतरण का आरोप लगाते, मसीही प्रार्थना सभा का विरोध
10-Jan-2023 3:21 PM
धर्मांतरण का आरोप लगाते, मसीही प्रार्थना सभा का विरोध

सीएम के पाटन में कांग्रेस पर धर्मांतरण को समर्थन का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 10 जनवरी।
मुख्यमंत्री के विधानसभा ग्राम घोरारी में हो रहे धार्मिक सभा को रोकने भाजपा सहित सर्वसमाज ने आवाज उठाई। पाटन एसडीएम व रानीतराई थाना पहुंच कर ज्ञापन दिया।    
 छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री के विधानसभा में पाटन के ग्राम घोरारी में मसीही समाज द्वारा 9 से 10 जनवरी तक बाहर से पादरी व अन्य द्वारा आयोजित प्रार्थना सभा को रोकने के लिए भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष लोकमनी चंद्राकर के नेतृत्व में एसडीएम विपुल गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि पाटन ब्लाक के ग्राम घोरारी में मसीही धर्म के लोगों द्वारा प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा है, चूंकि ग्राम घोरारी में सनातन धर्म हिन्दू समाज को मानने वाले लोग निवास करते है, ऐसी स्थिति में मसीही समाज द्वारा दो दिनों तक प्रार्थना सभा एव अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करना कही न कही हिन्दू समाज को धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने का माध्यम हो सकता है। जिस प्रकार से सूचना प्राप्त हो रही है ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त समाज द्वारा धर्मांतरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। पाटन शान्ति प्रिय क्षेत्र है, ऐसे कार्यक्रमों से धार्मिक उन्माद फैलने की स्थिति बन सकती है।

ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि ऐसे कार्यक्रम के आयोजन को तत्काल बंद करवाए अन्यथा स्थिति बदलने में देर नही होगी जिसकी सारी जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के पश्चात रानीतराई के गायत्री मंदिर में हिन्दू जागरण मंच, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, भारतीय जनता पार्टी परिवार सहित पाटन विधानसभा के सर्व समाज के प्रमुखजनों की उपस्थिति में बैठक किया गया, जिसमें ग्राम घोरारी के घटना पर विस्तार पूर्वक चर्चा कर थाना रानीतराई में थाना प्रभारी एनू देवांगन से तुरंत घोरारी में धर्मान्तरण करने प्रार्थना सभा के मंच व पंडाल को बंद करने कहा गया एवं जो आयोजक व्यक्ति हैं, उनको तुरंत गिरफ्तार करने कहा गया।
लोकमनी चंद्राकर भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने कहा, मुख्यमंत्री के विधान सभा क्षेत्र में धर्मांतरण हो रहा है हिंदू सनातन धर्म को बिगाडऩे का कार्य चल रहा और इन हिंदू सनातन संस्कृति को बिगाडऩे में कांग्रेस का पूरा समर्थन मिल रहा।

थाना प्रभारी एन देवांगन ने कहा कि जानकारी मिलने पर तुरंत घोरारी पहुंच पंडाल वगेरह को हटाया गया है। ग्राम में किसी भी प्रकार की कोई कार्यक्रम होने की अनुमति नहीं है। शांति बनाए रखने पुलिस की तैनाती किया गया है। ग्राम सरपंच रामनाथ साहू  ने कहा, प्रार्थना सभा की जानकारी नहीं थी पर पंडाल लगाया गया था उसे पुलिस प्रशासन द्वारा हटाया गया है।


अन्य पोस्ट