दुर्ग
भिलाई से बटरेल मड़ई जा रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर/, दुर्ग, 9 जनवरी। दुर्ग जिले के सेलूद में एक सडक़ हादसे में भिलाई निवासी 2 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए हैं। स्कार्पियो से ट्रैक्टर की भिड़ंत में ड्रायवर सहित एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सुपेला से स्कार्पियो में 16 लोग सवार होकर बटरेल में आयोजित मेला मड़ई में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान स्कार्पियो और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इस हादसे में मौके पर ही स्कार्पियो ड्राइवर और उस पर सवार एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं। इसमें से दो लोगों की हालत गंभीर है।
हादसे के 10 घायलों को जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती किया गया है जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज स्पर्श हास्पिटल भिलाई में किया जा रहा है।
घटना की खबर मिलते ही विधायक अरुण वोरा अस्पताल पहुंचे और घायलों का बेहतर ढंग से इलाज करने के निर्देश चिकित्सकों को दिए। घायल बुजुर्ग महिला दुर्ग की कांग्रेस पार्षद प्रेमलता साहू की बड़ी मां हैं।