दुर्ग

सडक़ दुर्घटना में भिलाई की कॉलेज छात्रा सहित 3 घायल, तीन के खिलाफ जुर्म दर्ज
08-Jan-2023 2:53 PM
सडक़ दुर्घटना में भिलाई की कॉलेज छात्रा सहित 3 घायल, तीन के खिलाफ जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 जनवरी।
पुरानी भिलाई और भिलाई नगर थाना अंतर्गत अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं में 3 लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर पुलिस ने दो ट्रक और एक बाईक चालक के खिलाफ धारा 279 और 337 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उमदा निवासी डिकेन्द्र कुमार बाईक क्रमांक सीजी 07 बीवाय 0959 को चलाते हुए उमदा चौक भिलाई-3 के पास पहुंचा था तभी ट्रक हाईवा क्रमांक सीजी 07 सीएल 1578 के चालक ने तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए कल रात्रि 9:30 बजे ठोकर मार दी जिससे डिकेन्द्र मोटर सायकल सहित गिर गया और उसके पैर में चोट आई। ट्रक चालक महेश कुमार के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। घायल डिकेंद्र को भिलाई-3 अस्पताल में उपचारार्थ भेजा गया।

दूसरी घटना में वार्ड 47 गणेश बेकरी के पीछे संजय नगर न्यू खुर्सीपार निवासी वेद व्यास साहू अपनी बाईक क्रमांक सीजी 04 डीएन 2138 से इंजीनियरिंग पार्क हथखोज से खुर्सीपार आ रहे थे तभी भिलाई-3 के पास ट्रक ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 जे 7704 के चालक ने बाईक को ठोकर मार एक्सीडेंट कर दिया जिससे वेद व्यास मोटर सायकल सहित नीचे गिर गए। उनके सिर एवं बाएं पैर में गहरी चोट आई है एवं बाईक क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को शासकीय अस्पताल सुपेला उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। ट्रक ट्रेलर चालक घटना स्थल से वाहन समेत फरार हो गया है।

वहीं भिलाई नगर क्षेत्र में हुई सडक़ दुर्घटना में सेक्टर-8 निवासी कलिंगा युनिवर्सिटी की छात्रा एकता मालेकर अपनी एक्टीवा क्र. सीजी 07 बीबी. 6984 से घर जा रही थी तभी सेक्टर 08 चौक स्टील क्लब के आगे मोड़ पर सामने से आ रही मोटर सायकल क्र. सीजी 07 बीएफ 6175 के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ठोकर मार दी।एकता के पैर मे चोंट आयी है, उसे उपचार के लिए सुराज अस्पताल नेहरु नगर मे भर्ती किया गया है। पुलिस ने बाईक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट