दुर्ग

ऑपरेशन मुस्कान : सीएसपी छावनी टीम ने पांच दिन में गुमशुदा 31 लोगों को खोज निकाला
07-Jan-2023 3:19 PM
ऑपरेशन मुस्कान : सीएसपी छावनी टीम ने पांच दिन में गुमशुदा 31 लोगों को खोज निकाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जनवरी।
आपरेशन मुस्कान अभियान के तहत एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव के निर्देश पर छावनी सीएसपी प्रभात कुमार द्वारा छावनी अनुविभाग में गठित टीम ने 1 जनवरी से लेकर 5 जनवरी तक पुलिस रिकार्ड में वर्षोंं से गुमशुदा 31 लोगों को दस्तयाब किया है। विदित हो कि छावनी अनुविभाग ने एक महीने के भीतर सौ लोगों की दस्तयाबी का लक्ष्य लिया था, कुम्हारी, पुरानी भिलाई, जामुल, छावनी, खुर्सीपार, नंदिनी थाना अंतर्गत आपरेशन मुस्कान के तहत जिस संजीदगी से कार्य किया जा रहा है, उस आधार पर लापता सौ लोगों का लक्ष्य समय पूर्व ही पूरा कर लेने की संभावना बलवती हो गई है। 

पांच दिन में ही 31 गुमशुदा के दस्तयाब होने की जानकारी देते हुए सीएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि महीने का टारगेट 20 दिन पहले पूरा करने का प्रयास छावनी टीम कर रही है। नव वर्ष से गुमशुदा की दस्तयाबी हेतु चलाए जा रहे इस अभियान में 4 और 5 जनवरी को भी अप्रत्याशित सफलता मिली है। इस अभियान से वर्षों से गुम हुए गुमशुदा दस्तयाब किए जा रहे हैं। टीम में सीएसपी कार्यालय एवं अनुविभाग के प्रत्येक थाना तथा साईबर से एक-एक अधिकारी/कर्मचारी की टीम गठित की गई है। टीम के सदस्यों द्वारा गुमशुदा, उसके परिजन एवं संदेही के आए मोबाईल नंबर से कॉल कर गुमशुदा के दस्तयाबी का प्रयास किया जा रहा है। इसी प्रयास में अनुविभाग के थाना क्षेत्र से गुम हुए गुमशुदा को विगत 5 दिनों में 31 गुमशुदा जो अर्से से गुम हुए थे उन्हें दस्तयाब किया गया है। 5 जनवरी को कुल 9 गुमशुदा को दस्तयाब किया गया है जिसमें थाना छावनी से 4, पुरानी भिलाई से 2, जामुल से 2 एवं कुम्हारी से 1 गुमशुदा दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपूर्द किया गया है। 

इस अभियान के तहत छावनी थाना निवासी सविता राय (40 वर्ष) को 4 वर्ष बाद राजनांदगांव, विकास साव (32 वर्ष) को 9 माह बाद छावनी क्षेत्र, माला गुप्ता (34 वर्ष) को 6 माह बाद, नारद वर्मा (39 वर्ष) को 4 माह बाद वैशाली नगर से, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र निवासी पूजा वर्मा (32 वर्ष) को 2 साल बाद भिलाई-3 से, रिया चौधरी (19 वर्ष) 10 माह बाद भिलाई से, कुम्हारी के शेखर चतुर्वेदी (38 वर्ष) 4 माह बाद उरला रायपुर से, जामुल की सामरा बेगम (45 वर्ष) को 2 साल बाद, जामुल से संध्या साहू (19 वर्ष) को दो माह में ढौर जामुल से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

 


अन्य पोस्ट