दुर्ग

सफल तीन वर्ष पूर्ण होने पर विधायक ने महापौर परिषद-पार्षदों को दी बधाई
07-Jan-2023 3:01 PM
सफल तीन वर्ष पूर्ण होने पर विधायक ने महापौर परिषद-पार्षदों को दी बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी। शहरी सरकार में नगर पालिक निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल की परिषद के कार्यकाल के 3 वर्ष पूर्ण होने पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, आयुक्त लोकेश चंद्राकर समेत समस्त अधिकारी कर्मचारियों, एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। 
 
पूर्व निर्धारित भंडारगृह निगम की बैठक में रायपुर निकलने से पूर्व उन्होंने महापौर बाकलीवाल के निवास पर जा कर उनसे भेंट की एवं शुभकामनाएं दीं। वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार आने के बाद से ही दुर्ग निकाय क्षेत्र विकास के नए आयाम देख रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सर्वहारा वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में नगर निगम की भूमिका महत्वपूर्ण है जिसका वर्तमान परिषद ने पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन किया है। 
मोबाइल मेडिकल यूनिट से घर के द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हो या फिर साफ सफाई, शुद्ध पेयजल , प्रकाश व्यवस्था एवं सडक़ नाली निर्माण , 60 वार्डों में बिना भेदभाव के विकास कार्य देखने को मिल रहे हैं। पूर्व में अमृत मिशन योजना में काम कम भुगतान ज्यादा किया जाता था किंतु कांग्रेस परिषद ने अस्तित्व में आते ही फिल्टर प्लांट संधारण, पाइप लाइन विस्तार, नवीन पानी टंकी निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करवाया जिससे अब लोगों को पूर्ववर्ती शहरी सरकार के वक्त की तरह जनता को जनप्रतिनिधियों के साथ मटका लेकर पानी खोजने नहीं निकलना पड़ता। वार्ड वार्ड में प्रकाश एवं साफ सफाई की व्यवस्था चाक चौबंद है। 60 वार्डों में करोड़ों से अधोसंरचना विकास के अतिरिक्त गौरव पथ निर्माण, मुक्तिधाम मार्ग चौड़ीकरण, ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, सी मार्ट, सस्ती दवा दुकान संचालन कांग्रेस परिषद की बड़ी उपलब्धियां हैं। 
कोरोना काल में भी दुर्ग शहरी सरकार ने ना सिर्फ पार्षद निधि से राशन वितरण की मिसाल रखी बल्कि उसके बाद प्रदेश भर में जरूरतमंदों के लिए ऐसी व्यवस्था लागू की गई। कोविड के कठिन समय में निगम के अधिकारी कर्मचारियों ने सेनेटाइजेशन, टीकाकरण एवं संक्रमण रोकने में अपनी महती भूमिका निभाई। वोरा ने कहा कि कांग्रेस ही जनहित एवं जनभावनाओं का सम्मान रखती है आने वाले समय मे दुर्ग निकाय क्षेत्र विकास के नए अध्याय लिखेगा।

अन्य पोस्ट