दुर्ग

जैन हत्याकांड मामले में अगली बहस 9 को
07-Jan-2023 2:55 PM
जैन हत्याकांड मामले में अगली बहस 9 को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी। बहुचर्चित रावल मल जैन व सूरजी बाई हत्याकांड प्रकरण मामले में लगातार दूसरे दिन बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने न्यायालय में मौखिक तर्क करते हुए पुलिस द्वारा की गई जांच पर सवालिया निशान लगाए। दूसरे दिन भी लगातार विशेष न्यायाधीश शैलेश तिवारी की कोर्ट में अंतिम बहस हुई। इस मामले में बहस पूरी नहीं हो पाने पर आगे की बहस के लिए 9 जनवरी की तिथि तय की गई है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने मृतकों के शरीर में लगी गोली, टाइमिंग में अंतर, ताला को जब्ती नहीं बनाने जानेए जब्ती कुर्ता के कलर में अंतर को लेकर अपना पक्ष रखा।

न्यायालय में बचाव पक्ष के अधिवक्ता तारेद्र जैन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मृतक के शरीर के भीतर दो गोली फंसी हुई थी जो पीएम के दौरान नहीं निकल पा रही थी, उसे अंतिम संस्कार के बाद भी पुलिस ने जब्ती नहीं बनाई थी। वहीं जो गोली पुलिस ने जब्त की है वह उसी पिस्टल की है कि नहीं यह भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने भी इस पर कोई जांच नहीं की कि जो गोली बरामद हुई है वह उसी पिस्टल की है कि नहीं। इसको लेकर संशय है। कुर्ता को जब्ती करने के बाद सील बंद किया गया था बाद में कुर्ता को बदल दिया गया था, जिसका रंग दूसरा था। 

अधिवक्ता तारेद्र जैन ने कोर्ट ने कहा कि इतना बहुचर्चित मामला था, परंतु पोस्टमार्टम के दौरान एक ही डॉक्टर उपस्थित था जबकि कम से कम 2 डॉक्टर को पीएम के दौरान रहना चाहिए था। इस पर भी जांच अधिकारी ने अपना कोई स्पष्ट मत नहीं दिया है। जो भी कार्रवाई हुई है उसमें टाइमिंग का बहुत अंतर आ रहा है जो कि कई संदेहों को जन्म देता है। जांच अधिकारी ने घटनास्थल से ताला को जप्त नहीं किया था अगर ताले की जब्ती की जाती तो उस पर कोई न कोई निशान जरूर मिलता ।

 


अन्य पोस्ट