दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इसमें दुर्ग से गजेंद्र यादव को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा भरत वर्मा ने द्वारा की गई है। यह दायित्व मिलने पर जिला भाजपा कार्यालय में उनका आतिशबाजी व बाजे गाजे के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
गजेंद्र यादव पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के राज्य स्तर के विभिन्न दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। पूर्व में नगर निगम दुर्ग के पार्षद रह चुके हैं साथ ही प्रदेश में डॉ.रमन सिंह जी के मुख्यमंत्री कार्यकाल में भारत स्काउट गाइड छग की मुखिया की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके स्काउट गाइड के कार्यकाल में किये गए कार्य आज भी उल्लेखनीय है जिससे छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय नृत्य कर्मा नृत्य को विश्व स्तरीय पहचान मिली उनके कार्यकाल में विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया। साथ ही ग्राम कोडिय़ां एवं देवरझाल में वन विभाग के सहयोग से लगाई गई नर्सरी भी आज धमधा क्षेत्र की एक पहचान बन चुकी हैं। इसी पौधरोपण को आगे बढ़ाते हुये वर्तमान राज्य सरकार ने विश्व का सबसे बड़ा मानव निर्मित जंगल के रूप में विकसित बॉटनिकल गार्डन के रूप में विकसित कर रही हैं।
श्री यादव पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के दो बार प्रदेश मंत्री रह चुके हैं, सरल बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी गजेन्द्र यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा बनाये जाने पर दुर्ग में कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है। आज उनको प्रदेश उपाध्यक्ष बनाये जाने पर कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय में ढोल नगाड़ों एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया एवं फूल मालाओं से स्वागत कर अभिवादन किया। श्री यादव के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, पूर्व विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नितेश साहू, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष विनायक ताम्रकार, व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक विनायक नातू , दीपक चोपड़ा मंडल अध्यक्ष भाजपा सदर मंडल, आशीष यादव, अमर भाई, विनोद ताम्रकार, राजेंद्र पाध्ये, राकेश यादव, ऋषि यादव, उमेश यादव, बाबा ब्रह्मभट्ट, करन सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।