दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जनवरी। बहुचर्चित रावल मल जैन दंपत्ति हत्याकांड प्रकरण में विशेष न्यायाधीश की कोर्ट में गुरुवार को अंतिम बहस प्रारंभ हुई। इसमें अभियोजन पक्ष एवं बचाव पक्ष ने अपना-अपना पक्ष रखा। शाम को समय समाप्त होने पर कोर्ट ने आगे की सुनवाई के लिए शुक्रवार 6 जनवरी का समय दिया है।
गुरुवार को हुई अंतिम बहस में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुरेश शर्मा ने अपना पक्ष रखते हुए कोर्ट को बताया कि अभियुक्त संदीप जैन ने संपत्ति के साथ-साथ अन्य कारणों को लेकर रावल मल एवं सुरजी बाई की हत्या की है। वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता तारेद्र जैन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि घटनास्थल के पंचनामा में दर्ज समय तथा उस पर गवाह के हस्ताक्षर का समय आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। साक्षी भी फर्जी तथा दस्तावेज भी फर्जी हैं।
संपत्ति के लिए हत्या किये जाने का लगाया गया आरोप भी निराधार है। क्योंकि रावल मल जैन के नाम पर 1 रुपए की भी संपत्ति नहीं है, यहां तक कि उनका मकान भी रावल मल जैन के नाम पर नहीं है।
गुरुवार को विशेष न्यायाधीश शैलेश तिवारी की कोर्ट में पहले अभियोजन पक्ष ने अपना पक्ष रखा। इसमें विशेष लोक अभियोजक सुरेश शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर तीन ही लोग थे और बाहर से कोई नहीं आया था। घर में सुरजी बाई, रावल मल जैन तथा संदीप जैन ही घर पर थे। सुरजी बाई ने पहले संदीप को फोन लगाया पर उसने नहीं उठाया तब उसने सौरभ गोलछा को फोन लगाकर बताया कि उसके नाना जमीन पर गिरे पड़े हुए हैं। जब वह घर पर पहुंचा तो दोनों की डेड बॉडी मिली थी। धारा 106 साक्ष्य अधिनियम के अनुसार घर में ही संदीप अकेला था तो कहा जा सकता है कि संदीप ने ही दोनों की हत्या की है। संदीप ने रावल मल जैन की संपत्ति के लालच में तथा उसके महिला मित्रों से संबंध होने से रावलमल जैन द्वारा संपत्ति से बेदखल कर दिए जाने की धमकी देने से उन दोनों की हत्या कर दी है। हत्या करने के बाद संदीप ने ही मुख्य दरवाजा खोल दिया ताकि लोगों को लगे कि कोई बाहरी व्यक्ति हत्या किया है।
बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता तारेंद्र जैन ने कोर्ट में पक्ष रखते हुए दलील दी कि परिस्थिति जन्य साक्ष्य के आधार पर घटना की श्रृंखला जुड़ी होनी चाहिए परंतु इसमें कोई भी श्रृंखला जुड़ी हुई नहीं है। मर्ग इंटीमेशन और एफआईआर फर्जी है। मेमोरेंडम फर्जी है एपीएम रिपोर्ट भी विश्वसनीय नहीं है। पिस्टल को भी बदल दिया गया है। जब्त संपत्ति को माल खाने में सुरक्षित रखे जाने का भी कोई साक्ष्य नहीं है। एफआईआर और मर्ग में मृत्यु का समय 4.30 से 5.54 बजे का लिखा हुआ है जबकि 5,54 को सुरजी बाई जीवित थी और उसने सौरव को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी थी। इस तरह मृत्यु का समय भी स्पष्ट नहीं है।
अभियोजन पक्ष की ओर से साक्षी कलीम खान पुलिस का पॉकेट विटनेस है उस पर विश्वास नहीं किया जा सकता है। तत्कालीन निरीक्षक भावेश साहू ने बताया था कि घटनास्थल में पंचनामा 7.30 बजे बनाया गया है, जिसमें गवाह कलीम खान के हस्ताक्षर है जबकि कलीम खान कहता है कि वह घटनास्थल पर 10 बजे पहुंचा था। इस तरह साक्षी फर्जी है या दस्तावेज फर्जी है। संपत्ति के लिए हत्या करना भी संदेह के दायरे में हैं क्योंकि रावल मल जैन के नाम पर 1 रुपए की भी संपत्ति नहीं है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में दोनों पक्षों के वकीलों ने आगे की बहस जारी रखी है।