दुर्ग
कुरूद, 6 जनवरी। कुरुद के प्रतिष्ठित नागरिक दिवंगत बहादुर लाल एवं प्रेमलता के पौत्र तथा गोपाल प्रसाद अग्रवाल व स्वाति अग्रवाल के कनिष्ठ पुत्र रवि अग्रवाल ने यूपीएससी आईईएस वर्ष 2022 में भारतवर्ष में दूसरा स्थान प्राप्त कर न केवल कुरूद को अपितु सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। रवि अग्रवाल ने वर्ष 2018 में वीएनआईटी, नागपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री बीटेक हासिल की थी। रवि ने डेढ़ वर्षों तक एलएनटी कंस्ट्रक्शन में कार्य किया और वर्तमान में रेलवे मंत्रालय के अंतर्गत डीएफसीसीआईएल में जूनियर मैनेजर (मैकेनिकल) के पद पर कार्यरत हैं। रवि अग्रवाल के पिता कोल इंडिया से महाप्रबंधक के पद से सेवा निवृत्त हुए हैं। रवि अग्रवाल अपनी सफलता का श्रेय मेहनत के साथ परिवारजनों को देते हैं, जिनके सतत प्रोत्साहन से उसने इस ऊंचाई को प्राप्त करने में सफलता पाई। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर चाहने वालों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अग्रवाल परिवार को शुभकामनाएं दी।