दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जनवरी। भिलाई के सबसे बड़े मुक्तिधाम में शीघ्र ही अंतिम संस्कार अब विद्युत शवदाह सिस्टम के माध्यम से किया जाएगा। गुरुवार को रामनगर मुक्तिधाम में गुजरात की कंपनी से मंगा कर लगाए गए विद्युत शव दाह सिस्टम का सफल प्रयोग किया गया।
भिलाई के सबसे बड़े मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार अब विद्युत शवदाह सिस्टम के माध्यम से भी किया जा सकेगा।
छत्तीसगढ़ राज्य के पहले विद्युत शव दाह सिस्टम की भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम में गुरुवार से शुरुआत हो गई है। सफलतापूर्वक एक शव का अंतिम संस्कार विद्युत शव दाह फर्नेश में किया गया।
भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम में लम्बे समय से विद्युत शव दाह की मांग की जा रही थी, इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने निगम को विद्युत शव दाह लगाने 48 लाख रूपये की मंजूरी दी और इसका निर्माण रामनगर मुक्तिधाम में किया गया।
गुरुवार को 83 वर्षीय राधा श्याम कर्माकर की डेथ बॉडी को विद्युत शव दाह सिस्टम के जरिए अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि 550 डिग्री तापमान में शव को जलाने पर लगभग एक घंटे का समय लगना था, लेकिन लगभग 4 घंटे का समय लगा।
इस पर फर्नेश कम्पनी के लोगों का कहना है कि चूंकि मशीन के अंदर नमी थी इसलिए इतना समय लगा लेकिन नमी खत्म होने के बाद लगभग कुछ मिनटों में शव पूरी तरह जल जाएगा।