दुर्ग

विकास वैभव की रेस में मन आत्मा और जीवन को आध्यात्म से ही नसीब होगी शांति-दीदी मंदाकिनी
06-Jan-2023 2:55 PM
विकास वैभव की रेस में मन आत्मा और जीवन को आध्यात्म से ही नसीब होगी शांति-दीदी मंदाकिनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर,  6 जनवरी।
शिक्षा में जितना उपयोगी विज्ञान और इंफार्मेशन टेक्नालॉजी है, उसी तरह आध्यात्म का भी समावेश जरूरी है। आज लोग विकास मार्ग पर चल तरक्की तो कर रहे हैं लेकिन पारिवारिक प्रेम और शांति सभी के जीवन से विलुप्त होती जा रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चों को आध्यात्म की शिक्षा दी जा सकती है, ऐसे साइट से बच्चों को जोड़ें जो आध्यात्मिक हों क्योंकि विकास और वैभव की रेस में मन, आत्मा और जीवन को आध्यात्म की डगर से ही शांति नसीब होगी। उक्त बातें नेहरू नगर भिलाई में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दीदी माँ मंदाकिनी श्रीरामकिंकर जी ने कहीं। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने उन्हें राज्य अतिथि का सम्मान दिया है जिससे भगवान श्रीराम चंद्र के ननिहाल छत्तीसगढ़ की धरा पर वो आती रही हैं। झारखंड में जैन तीर्थ को वहां की सरकार द्वारा पर्यटन के रूप में विकसित करने के प्रयास पर हो रहे विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल होने से अनेक धर्म के लोग वहां पहुंचेंगे और जैन धर्म को जानने समझने का उन्हें भी अवसर मिलेगा, इसलिए उन्हें लगता है कि इसका विरोध नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा पिछले कुछ वर्षोंं में अयोध्या सहित हिन्दू धर्मस्थलों का जिस तरह विकास हुआ है वह स्वागत योग्य है। 

ज्ञात हो कि श्री राधाकृष्ण मंदिर परिसर नेहरू नगर (पूर्व) भिलाई में अयोध्यावासी दीदी माँ मंदाकिनी श्रीरामकिंकर जी की श्रीराम कथा 6 से 8 जनवरी तक संध्या साढ़े 5 से साढ़े 7 बजे तक आयोजित की गई है। इसी दिन 4.30 से 5.30 तक भजन संध्या भी होगी। बंगला नं. 20/2 नेहरू नगर (पश्चिम) आवास स्थल पर सुबह 9.30 से 11 बजे तक दैनिक प्रार्थना, भजन आरती एवं दर्शन आदि का कार्यक्रम होगा। 

गुरुवार की संध्या 4 बजे कलश यात्रा निकाली गई जो कि आवासीय स्थल से राधाकृष्ण मंदिर तक जाकर समाप्त हुई। प्रेसवार्ता के दौरान दीदी मां मंदाकिनी श्रीरामकिंकर ने बताया कि संस्कृति व संस्कार से जुड़े सभी लोग इस आयोजन लिए आमंत्रित हैं। छह जनवरी से भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में श्रीराम कथा का भव्य आयोजन है। इस दौरान भगवान राम से जुड़ी लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। आध्यात्म से जुडऩे का यह एक श्रेष्ठ अवसर है। तीन दिनों के इस आयोजन में रोज मनोवैज्ञनिक रूप से प्रभु राम की लीलाओं का वर्णन होगा। 

आयोजकगण दीपिका सोनी, विवान, शिवकुमार, अन्नापूर्णा सोनी, अनीस, नीलम सोनी, संजीव सुमन सोनी एवं श्रीरामकिंकर शिष्य परिवार ने इस्पात नगरी एवं समीपवर्ती क्षेत्र के मानस प्रमियों को अधिकाधिक संख्या में उपस्थिति का आग्रह किया है।

 


अन्य पोस्ट