दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 जनवरी। दुर्ग शहर के वार्ड क्रमांक 11 बुद्ध कुटीर रोड शंकर नगर निवासी उदय शंकर पुणे स्थित हिताची कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर है। इंजीनियर अपने परिवार के साथ 29 दिसंबर को इंदौर गए और जब गुरुवार को वापस लौटे तो इस चोरी का खुलासा हुआ है। घर की अलमारी से नगदी, सोने के जेवर, लैपटॉप, आईपैड व हार्डडिस्क तक चोर चुरा ले गए हैं। मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कान की बाली, लिनेवो कंपनी का लैपटाप, एप्पल कंपनी का आई पैड, सीगेट कंपनी की दो हार्ड डिस्क, एक तोशीबा कंपनी का हार्ड डिस्क, एक ट्रांसजेंड कंपनी की हार्ड डिस्क, दो एप्पल के हैडफोन, जैब्रा कंपनी व बोट कंपनी का एक-एक हेडफोन, फाईल में रखे कार क्रमांक केए 03 एनबी 7761 कर्नाटक का आरटीओ एनओसी, आरसी बुक व एमसीए, बीकाम, कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र की मूल कापी के साथ नगदी रकम 20 हजार रुपए गायब मिले।
चोरी गए सभी गजैट्स ब्रांडेड कंपनी के हैं और काफी महंगे हैं। जिनकी बाजार में लाखों की कीमत है।