दुर्ग

मछली मार्केट का नाम विश्राम मांझी रखने शहीद की माँ 5 को देगी धरना
04-Jan-2023 7:19 PM
मछली मार्केट का नाम विश्राम मांझी रखने शहीद की माँ 5 को देगी धरना

सोलह साल पहले बस्तर में शहीद हुए थे विश्राम

भिलाई नगर, 4 जनवरी। पावर हाउस कैंप-2 स्थित मछली मार्केट का नाम शहीद विश्राम मांझी रखे जाने की मांग को लेकर शहीद की मां के नेतृत्व 5 जनवरी को कई लोग मार्केट स्थल पर ही एक दिवसीय धरना देंगे। शहीद विश्राम मांझी की माता श्रीमती रुकमणी बाई मांझी ने इस एक दिवसीय धरना में नागरिकों से उपस्थित होने की अपील भी की है।

गौरतलब हो कि कैम्प-2 में मिलन चौक के समीप निवासी शहीद विश्राम के नाम पर ही मिलन चौक का नामकरण हुआ था। शहीद के परिवार और स्थानीय लोगों की मांग है कि पावर हाउस मछली मार्केट का नामकरण शहीद विश्राम मांझी के नाम पर किया जाना चाहिए। चूंकि विश्राम एक शहीद हैं और शहीद विश्राम मांझी बचपन से मछली मार्केट में अपने पारिवारिक व्यवसाय में संलग्न भी थे।

वर्ष 2005 में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की सेवा से जुडऩे के एक साल बाद ही वर्ष 2006 में विश्राम मांझी बस्तर में शहीद हो गए थे।

 क्षेत्रीय लोगों ने कहा है कि अगर पावर हाउस मछली मार्केट का नामकरण शहीद विश्राम मांझी के नाम पर हो तो शहीद परिवार को सम्मान मिल सकेगा। अत: इस मांग पर नगर निगम भिलाई को पुनर्विचार करना चाहिए। इस मांग को लेकर शहीद की मां लोगों के साथ मार्केट में एक दिवसीय धरना देंगी।


अन्य पोस्ट