दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जनवरी। स्वामी आत्मानंद विद्यालय नगपुरा के बच्चों को बैठा कर ले जा रही महिंद्रा मिनी वैन को मालवाहक वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए चालक साइड में ठोकर मार दी। इससे मिनी वैन का चालक एवं कुछ बच्चे घायल हो गए। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम सिलोदा चौकी अंजोरा निवासी युगल किशोर निषाद महिंद्रा मिनी वैन चलाता है, और वह स्वामी आत्मानंद विद्यालय नगपुरा के बच्चों को लाना ले जाना करता है। तीन जनवरी को वह स्वामी आत्मानंद विद्यालय नगपुरा से बच्चों को लेकर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम गनियारी के आगे जैन मंदिर के पहले मोड़ पर नगपुरा मार्ग में सामने से आ रही मालवाहक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दिया। इससे मिनी वैन चालक प्रार्थी युगल किशोर गाड़ी में बैठी दक्ष देवांगन (10), अभिनव निषाद(7), यज्ञ रानी (15)को चोटे आई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।