दुर्ग

शासन द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी श्रमिकों के खाता में जमा कर खुद ही निकाल लेते हैं बीएसपी ठेकेदार
04-Jan-2023 8:45 AM
शासन द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी श्रमिकों के खाता में जमा कर खुद ही निकाल लेते हैं बीएसपी ठेकेदार

श्रमिक की मेहनत का 3 से 5 हजार डकारने की एसपी तक पहुंची शिकायत
श्रमिकों की बैंक पासबुक और एटीएम खुद रखते हैं ठेकेदार

भिलाई नगर, 4 जनवरी। बीएसपी में ठेका श्रमिकों के खातों में पूरा वेतन भुगतान दिखाने के लिए ठेकेदार खातों में हर माह एक मुश्त वेतन डाल देते हैं। इसके बाद श्रमिक के एटीएम या बैंक पास बुक के माध्यम से राशि खुद ही निकाल लेते हैं। इस गोरख धंधे की शिकायत जुबानी कई बार श्रमिक करते रहे हैं लेकिन काम से निकाले जाने के डर से शासन द्वारा तय निम्न मजदूरी न मिलने के बावजूद खामोश रहना उनकी मजबूरी रही है। इस मामले में यूनियन और श्रमिकों की ओर से बार-बार शिकायत की भी की जाती रही है फिर भी ठेकेदारों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पाया है। एक बार इस विषय को लेकर एसपी दुर्ग से शिकायत की गई है। हालांकि ऐसा कई ठेकेदारों द्वारा किये जाने की मौखिक शिकायतें मिली जरूर हैं मगर फिलहाल एक ठेकेदार के खिलाफ लिखित शिकायत एसपी को मिली है। 

मिली जानकारी के अनुसार यह शिकायत भिलाई इस्पात संयंत्र के फोर्ज शॉप से आई है। जिसमें बताया गया है कि ठेकेदार हिमांशु ब्रदर्स के अधीन कार्यरत ठेका श्रमिकों की बैंक पास बुक और एटीएम ठेकेदार ने अपने पास रख लिया है और वह शासन नहीं अपने मनमुताबिक न्यूनतम मजदूरी श्रमिकों को कैश में देता है। हैरत की बात यह है कि ऐसा उसके द्वारा पिछले 2 साल से किया जाता रहा है। शिकायत के अनुसार हर माह एक श्रमिक से 3 से 4 हजार की धांधली ठेकेदार करते हुए अपनी जेब भर रहा है। यूनियन ने इस विषय में शिकायत मिलने के बाद बीएसपी के आईआर को भी यह शिकायत भेजी है। 

इस संबंध में सीटू ठेका प्रकोष्ठ के महासचिव योगेश कुमार सोनी ने बताया कि फोर्ज शॉप के श्रमिकों ने ठेकेदार के खिलाफ एटीएम व पास बुक अपने पास रख कम वेतन भुगतान करने की शिकायत एसपी से की है। श्रमिकों ने अब पुलिस विभाग और श्रम अधिकारियों से कार्रवाई करने की मांग की है। संयंत्र में ठेका श्रमिकों के एटीएम, पास बुक रख लेना व कम भुगतान करना, वेतन भुगतान के बाद दबाव पूर्वक वेतन से आधा पैसा वापस मांगने की शिकायत लगातार श्रमिक कर रहे हैं।

यूनियन के अध्यक्ष शांतनु मरकाम ने बताया कि ठेकेदार बीएसपी में ठेका लेने के बाद श्रमिकों का नया खाता खुलवाकर उनके एटीएम व पास बुक अपने पास रख लेता है। तय समय सीमा में उनके खाते में पूरा वेतन डाल कर खुद एटीएम के माध्यम से जमा की गई राशि निकाल कर उस राशि में से 3 से 4 हजार अपने पास रख कर बाकी भुगतान नगद श्रमिकों को किया जाता है। पास बुक प्रिंट करवा कर ऑपरेटिंग अथॉरिटी व ठेका प्रकोष्ठ विभाग में जमा कर दी जाती है। यह सब कुछ सही होने का दावा कर अपना बिल पास करवा लिया जाता है।
दुर्ग एसपी डाॅ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि मामले की लिखित दस्तावेजी नामजद शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच करवा कर इस संबंध में नियमानुसार उचित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट