दुर्ग
शार्ट पीएम रिपोर्ट ने खोला राज, सभी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जनवरी। नये साल के पहले दिन बेटे ने एक बार फिर छक कर शराब पी और घर आकर परिवार से झगडऩे लगा। वह विवाद कर और शराब पीने रूपये मांग रहा था। शराब के लिए वह घर वालों से मारपीट करने लगा। आए दिन उसकी इस हरकत से परेशान घर वालों ने गला दबा उसकी हत्या कर दी।
दुर्ग जिला के धमधा थानांतर्गत हुई इस संदिग्ध मौत की वारदात में पीएम रिपोर्ट ने जब हत्या का राज खोला तो पुलिस ने घर वालों से कडा़ई से पूछताछ कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि थाना धमधा के ग्राम कोनका में 2 जनवरी को गंगाधर पटेल पिता द्वारिका पटेल (42 वर्ष) का शव उसके घर पर संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतक के सिर, गर्दन व शरीर पर चोंट खरोच के निशान पाए गए। मर्ग कायम कर जांच में लिया गया था। शॉर्ट पीएम में मृतक की हत्या करना पाए जाने पर धारा 302 कायम कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना में पाया गया कि मृतक गंगाधर अपने परिवार वालों से रोजाना रूपये मांगता और लड़ाई-झगड़ा करता था। एक जनवरी को गंगाधर शराब पीकर पुन: अपने पिता द्वारिका पटेल, धनराज पटेल, माता दुरपति पटेल, भाई मनी राम पटेल से गाली-गलौज किया और अपने पिता से मारपीट करने लगा। परेशान द्वारिका, धनराज, दुरपति और मनी राम पटेल ने मिलकर गंगाधर को घर में मारपीट कर गला घोंटकर हत्या कर दी और मृतक के शव को उसके घर के कमरे में ले जाकर रख दिया। आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।