दुर्ग

डिवाईडर हटाने की मुहिम ने पकड़ा जोर
03-Jan-2023 3:28 PM
डिवाईडर हटाने की मुहिम ने पकड़ा जोर

महापौर से कारोबारियों ने समर्थन व सहयोग मांगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी।
इंदिरा मार्केट व स्टेशन रोड से डिवाईडर हटाने की व्यापारियों की मुहिम हर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी के दरवाजे तक जा रही है। नये वर्ष में पुन: इस आंदोलन को गति देने के लिए व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल दुर्ग शहर महापौर धीरज बाकलीवाल से मिला। डिवाइडर हटाने की मुहिम व इसके लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने के बाद महापौर से भी समर्थन व सहयोग मांगा गया।

महापौर धीरज बाकलीवाल जी ने भी व्यापारियों से इस काम में हर संभव प्रयास करने की बात कही व आश्वस्त किया कि इसके लिए हर मंच पर वे व्यापारियों का साथ देंगे। चूंकि उनके परिवार की भी दुकानें इंदिरा मार्केट क्षेत्र में ही है इसलिए वे भी डिवाइडर से व्यापार व बाजार पर पड़ रहे विपरित प्रभाव को लेकर चिंतित है।

ऑन लाईन व ग्राहकों के दूसरे शहर के बाजारों की ओर पलायन के प्रति भी उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्ग निगम व्दारा कुछ ऐसे प्रोजेक्ट पर भी काम हो रहा है, जिससे लोग बाजारों की ओर वापस लौटें।
महापौर ने भी व्यापारियों के समक्ष इस बात पर सहमति दी की डिवाइड से व्यापार व बाजार को जिस तरीके से नुकसान हो रहा है व ग्राहकों का पलायन हो रहा है वह जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अमले में भी चिंता व चर्चा का विषय है। व्यापारियों की पीड़ा हर मंच पर समझी जा रही है व इसका किस तरह से समाधान किया जाए इस पेंच को समझा जा रहा है। कुछ व्यवहारिक दिक्कते हैं इसलिए थोड़ा समय जरुर लगेगा पर डिवाईडर हटाने के लिए कोई ठोस कदम जरुर उठाया जाएगा।
व्यापारियों ने अपनी मांग महापौर के सामने एक लाईन में रखते हुए कहा कि डिवाइडर पूरी तरह से हटाया जाए व पूर्वस्थिति बहाल की जाए ।

महापौर से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में अनिल बल्लेवार, बसंत कुमार मोदी, राज आड़तिया, सुरजीत सिंह सलूजा, विनेश वाघेला,  राकेश गोलछा,विंसेंट डिसूजा, किरण पटेल, संजय चौपड़ा, अनुज चंद्राकर, एजाज मंसूरी, मोंटू, सीटू आदि व्यापारीगण सम्मिलित थे।
 


अन्य पोस्ट