दुर्ग

आयुक्त ने ठगड़ाबांध का किया भ्रमण
03-Jan-2023 2:56 PM
आयुक्त ने ठगड़ाबांध का किया भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 जनवरी।
नगर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कायर्पालन अभियंता राजेश पांडेय, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी और ठेकेदारों के साथ निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत ठगड़ा बांध निर्माण सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर जायजा लिया।
आयुक्त ने कहा कि फूड जोन में विविध तरह का आप्शन उपलब्ध होने से यहां सैर सपाटे के लिए आने वाले लोग आनंद भी उठा सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों के साथ पहुंचकर ठगड़ा बांध में चल रहे निर्माण एवम सौंदर्यकरण कार्य का अंतिम छोर तक जायजा लिया साथ ही उन्होंने कहा कि ठगड़ा बांध का लोकेशन बहुत शानदार है। इसके बगल में जैव विविधता पार्क है। चारों ओर पेड़ पौधे लगाने को कहा। सुबह और शाम का समय गुजारने के लिए यह बेहद आदर्श स्थल साबित होगा। यहां पहुंचने वाले लोगों के लिए यह सुकून का अनुभव हो और वह शाम बिताने बार-बार यहां आना चाहे इसके लिए लैंडस्कैपिंग बेहद खास रखें। 

उन्होंने कहा कि किसी भी सरोवर का सबसे खास हिस्सा उसका आइलैंड होता है अत: इसके लैंडस्कैपिंग पर विशेष रूप से ध्यान दें। इसके निर्माण में अन्य उद्यानों में जिस तरह से खूबसूरत प्रयोग किए गए हैं उनका भी ध्यान रखें। लाइटिंग की व्यवस्था बेहतर हो ताकि शाम के वक्त लाइटिंग तथा शानदार लैंडस्कैपिंग से पूरा व्यू निखर जाए। एप्रोच ब्रिज का किया जा रहा निर्माण, निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लैंड स्कैपिंग के लिए विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही ठगड़ा बांध के आईलैंड तक पहुंचने का अनुभव भी बहुत सुंदर होगा, इसके लिए जो ब्रिज बनाया जा रहा है वो एप्रोच ब्रिज आठ फीट चौड़ा है। इस एप्रोच ब्रिज का तल पारदर्शी होगा। पारदर्शी होने के चलते एप्रोच ब्रिज और आईलैंड की खूबसूरती और निखर जाएगी। ब्रिज से पैदल गुजरने वाले लोगों को नीचे का सरोवर देख कर बहुत खुशी होगी। 

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठगड़ा बांध निर्माण कार्यो के लिए काम करने वालों की सं या बढ़ाये, ताकि निर्माण कार्य जल्द पूरा हो सके। ठगड़ा बांध में बन रहें आईलैंड के विकास कार्य में हो रहें देरी को लेकर उन्होंने ने इंजीनियर व ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। ठगड़ा बांध के बीच में आइलैंड बनाया गया है। यहां तक पहुंचने के लिए एप्रोच रोड बनाया जा रहा है।

 


अन्य पोस्ट