दुर्ग

हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की सेमेस्टर परीक्षाओं के आकस्मिक निरीक्षण का दौर जारी
31-Dec-2022 2:59 PM
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की सेमेस्टर परीक्षाओं के आकस्मिक निरीक्षण का दौर जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 दिसंबर।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा संचालित सेमेस्टर परीक्षा 2022-23 की लगभग 80 प्रतिशत परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। शेष परीक्षाएं 6 जनवरी को समाप्त होगी।
इसी संदर्भ में विवि की कुलपति एवं अधिकारियों की टीम विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। परीक्षा केन्द्रों के आकस्मिक निरीक्षण की श्रंखला में कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं एनएसएस समन्वयक, डॉ. आर. पी. अग्रवाल ने शासकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय, डोंगरगढ़ का निरीक्षण कर प्राचार्य एवं प्राध्यापकों से चर्चा की।

विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विवि के अधिकारियों की टीम ने शासकीय दानवीर तुलाराम पीजी महाविद्यालय, उतई तथा शैलदेवी महाविद्यालय, अण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया। दोनों महाविद्यालयों में परीक्षाएं सुचारू रूप से संचालित मिली तथा महाविद्यालय का स्टॉफ पूर्ण रूप से उपस्थित तथा कक्षाओं का संतोषप्रद संचालन भी निरीक्षण टीम ने देखा। टीम में डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव के साथ सहायक कुलसचिव,  दिग्विजय कुमार भी शामिल थे।

परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि अब तक विवि में नकल प्रकरण में 08 मोबाईल प्राप्त हो चुके हैं। जिनपर विवि के नकल अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने अधिकारियों की बैठक में यह स्पष्ट किया कि अगामी वार्षिक परीक्षाओं के आयोजन के दौरान नकल रोकने तथा विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा कक्ष में मोबाईल ले जाने पर महाविद्यालय के प्रवेश द्वार से ही प्रतिबंध लगाये जाने हेतु समुचित प्रबंध किये जायें। डॉ. पल्टा ने समस्त प्राध्यापकों से भी परीक्षा कार्य को महत्वपूर्ण मानते हुए सहयोग का आव्हान किया।

विवि के कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार परीक्षाओं में वीक्षक, मूल्यांकनकर्ता, आंतरिक एवं बाह्य परीक्षक, पेपर सेटर, केन्द्राध्यक्ष अथवा सहायक केन्द्राध्यक्ष का दायित्व निर्वहन करना प्राध्यापकों हेतु आवष्यक सेवा की परिधि में आता है। अत: विश्वविद्यालयीन एवं स्वशासी महाविद्यालयों की प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक परीक्षाओं में उपर उल्लेखित सभी दायित्वों का निर्वहन में प्राध्यापकों द्वारा सहयोग किया जाना आपेक्षित हैं।

उल्लेखनीय है कि विवि की प्रायोगिक परीक्षाएं फरवरी 2023 में तथा सैद्धांतिक परीक्षाएं मार्च के द्वितीय सप्ताह में होली के पश्चात आयोजित करने का विवि प्रशासन तैयारी कर रहा है। वार्षिक परीक्षाओं हेतु ऑनलाईन आवेदन करने की तिथि 02 जनवरी 2023 तक 200 रूपये विलंब शुल्क के साथ बढ़ा दी गई है।
 


अन्य पोस्ट