दुर्ग
दुर्ग, 30 दिसंबर। किशोरी की वीडियो बनाने के बाद अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी गोबला चंद्रशेखर को 3 वर्ष सश्रम कारावास तथा 500 रुपये अथर्दंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
20 दिसंबर 2021 को किशोरी रात लगभग 9 बजे क्रिकेट ग्राउंड पीपी यार्ड कॉलोनी चरोदा में अपनी छोटी बहन के साथ पुलिया पर बैठकर पास्ता खा रही थी। उसी दौरान चरोदा निवासी आरोपी गोबला चंद्रशेखर आया और अपने मोबाइल पर पीडि़ता की फोटो खींचने के बाद वीडियो बनाने लगा। इसके बाद आरोपी पीडि़ता के पास आया और उसका हाथ पकड़ कर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। जब पीडि़ता ने इसका विरोध करते हुए उसे वीडियो एवं फोटो डिलीट करने के लिए कहा तो वह पीडि़ता की फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देने लगा।
इस पर पीडि़ता ने घटना की जानकारी मोबाइल से अपनी बड़ी बहन को दी। मौके पर उसकी बड़ी बहन अपनी सहेली को लेकर स्कूटी से वहां पहुंची। उनको देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। पीडि़ता की बहन, सहेली आदि ने स्कूटी से आरोपी का पीछा किया तो वह घर में जाकर घुस गया और घर का दरवाजा बंद कर लिया। घर के पास बनी हुई जाली में से वह सभी लोगों को भाग जाने के लिए कहने लगा। इस पर पीडि़ता उसकी बहन आदि ने उसे फोटो और वीडियो डिलीट करने के लिए कहा तो आरोपी ने मनाकर दिया। इसके बाद पीडि़ता जीआरपी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।